हिंदी
स्कॉर्पियो सीज
Maharajganj : जिले में सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक स्टंटबाजी की वीडियो ने पुलिस महकमे को अलर्ट कर दिया। वीडियो में एक युवक चलती स्कॉर्पियो से बाहर निकलकर सड़क पर खतरनाक स्टंट करता दिखाई दे रहा था। युवक की यह हरकत ट्रैफिक नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाती नजर आई। साथ ही सड़क पर गुजर रहे लोगों की जान के लिए भी बड़ा खतरा बन गई। वीडियो वायरल होते ही लोगों ने भी इस पर नाराजगी जताई। जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक वायरल वीडियो नौतनवा क्षेत्र के मुख्य मार्ग का बताया जा रहा है। वीडियो में काले रंग की स्कॉर्पियो सड़क पर दौड़ती नजर आ रही है, जबकि युवक वाहन से बाहर निकलकर फिल्मी अंदाज में स्टंट कर रहा था। आसपास मौजूद लोगों ने इस पूरे मामले का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। यह देखते ही देखते तेजी से वायरल हो गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक महाराजगंज के निर्देश पर नौतनवा पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच शुरू की और कुछ ही देर में वाहन और स्टंट करने वाले युवक की पहचान कर ली। पुलिस के मुताबिक युवक की पहचान प्रिन्स मद्वेशिया पुत्र रमेश मद्वेशिया निवासी जगरनाथपुर टोला परशुरामपुर थाना सोनौली के रूप में हुई है।
साइबर ठगी का मास्टरमाइंड चढ़ा UP STF के हत्थे, महाराजगंज से निकला नेटवर्क
जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने संबंधित स्कॉर्पियो पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत बड़ी कार्रवाई की। वाहन का 50 हजार रुपये का चालान किया गया और स्कॉर्पियो को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में स्टंटबाजी करने वालों में हड़कंप मच गया है। आम लोगों ने भी पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।
महराजगंज पुलिस ने कहा है कि सड़क पर स्टंटबाजी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सोशल मीडिया पर लाइक, फॉलोअर्स और लोकप्रियता हासिल करने के लिए इस तरह की खतरनाक हरकतें करना कानूनन अपराध है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऐसे स्टंट कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं और लोगों की जान जोखिम में डालते हैं। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और सोशल मीडिया के लिए अपनी या दूसरों की जिंदगी खतरे में न डालें।
Location : Maharajganj
Published : 12 May 2026, 8:19 PM IST
Topics : Maharajganj Stunt Video UP Police Viral video