हम गरीब हैं, इतना बिल कैसे दें… स्मार्ट मीटर के विरोध में सड़क पर उतरीं महिलाएं

मुगलसराय के वार्ड नंबर-3 में स्मार्ट मीटर के विरोध में महिलाओं ने बिजली विभाग कार्यालय का घेराव किया। लगभग 100 महिलाओं ने आरोप लगाया कि नए मीटर लगने के बाद बिजली बिल कई गुना बढ़ गया है। उन्होंने पुराने मीटर लगाने और बढ़े हुए बिल माफ करने की मांग की।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 12 May 2026, 4:58 PM IST
google-preferred

Chandauli: पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) के वार्ड नंबर-3 स्थित पासवान बस्ती और नई बस्ती आवास में मंगलवार को उस समय माहौल गरमा गया जब बड़ी संख्या में महिलाओं ने बिजली विभाग कार्यालय का घेराव किया। करीब 100 महिलाओं ने स्मार्ट मीटर के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन कर नारेबाजी की।

महिलाओं का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल अचानक कई गुना बढ़ गया है, जिससे गरीब परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने कहा कि वे मजदूरी, झाड़ू-पोछा और छोटे-मोटे काम करके किसी तरह अपना घर चलाती हैं, लेकिन अब बिजली का बिल उनकी कमाई से भी ज्यादा आ रहा है। प्रदर्शन में महिलाओं ने “पुराना मीटर लगाओ, बढ़ा हुआ बिजली बिल माफ करो” की मांग उठाई। उनका कहना है कि स्मार्ट मीटर के नाम पर गरीबों पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है।

महिलाओं ने सुनाई अपनी परेशानी

प्रदर्शन के दौरान कई महिलाओं ने अपनी व्यथा साझा की। आसरा आवास की रहने वाली संगीता गिरी ने कहा कि हर महीने बिजली बिल इतना बढ़ जाता है कि वे समझ नहीं पातीं कि बच्चों का खर्च चलाएं या बिल भरें। उन्होंने कहा, "हम गरीब लोग हैं, इतना पैसा कहां से लाएं। स्मार्ट मीटर हटाकर पुराना मीटर लगाया जाए और पुराना बिल माफ किया जाए।"

बलरामपुर: सड़कों पर पटाखा छोड़ने वाली बुलेट पर प्रशासन की कार्रवाई, दो वाहन सीज

वहीं आलू मील नई बस्ती की सासो ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि मजदूरी से घर चलाना ही मुश्किल है, ऐसे में भारी बिजली बिल भरना संभव नहीं है। उन्होंने भी पुराने मीटर की वापसी की मांग की। गीता नाम की एक अन्य महिला ने बताया कि बिल जमा न कर पाने के कारण कई परिवारों की बिजली काट दी गई है, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

बिजली विभाग ने दी सफाई

मामले को लेकर बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता जसमीर सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा प्रीपेड मीटरों को पोस्टपेड सिस्टम में बदला जा रहा है। अब उपभोक्ताओं को हर महीने एसएमएस और व्हाट्सएप के जरिए बिल भेजा जाएगा।

प्रयागराज कचहरी हत्याकांड: 1980 केस में माफिया और पूर्व विधायक विजय मिश्रा समेत 4 दोषी करार, MP-MLA कोर्ट ने फैसला सुनाया

उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं को बकाया बिल जमा करने के लिए 10 किस्तों की सुविधा भी दी गई है। साथ ही कहा कि स्मार्ट मीटर की कई बार जांच कराई गई है और तेज चलने की शिकायतें सही नहीं पाई गई हैं।

उन्होंने आश्वासन दिया कि 15 तारीख से विशेष कैंप लगाए जाएंगे, जहां बिल, मीटर और लोड से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। विभाग ने कहा कि कोई भी उपभोक्ता सीधे कार्यालय में आकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है।

Location :  Chandauli

Published :  12 May 2026, 4:57 PM IST

Advertisement