हिंदी
राजस्थान के ईंट भट्ठे पर शुरू हुई प्रेम कहानी (Img- X)
Bareilly: चार साल पहले राजस्थान के जयपुर स्थित एक ईंट भट्ठे पर दो दिहाड़ी मजदूरों के बीच शुरू हुई सामान्य बातचीत कब एक अटूट रिश्ते में बदल गई, इसका अहसास खुद उन्हें भी नहीं हुआ। हरदोई जिले की रहने वाली रजिया और बरेली के फरीदपुर निवासी तोताराम एक ही भट्ठे पर काम करते थे।
साथ काम करने के दौरान दोनों में बातचीत बढ़ी और जल्द ही यह सिलसिला मोबाइल नंबरों के आदान-प्रदान तक पहुंच गया। वक्त बीतने के साथ यह दोस्ती गहरे प्यार में बदल गई और दोनों ने जीवनभर साथ निभाने का संकल्प ले लिया।
जब दोनों ने अपने इस रिश्ते को शादी का नाम देने का फैसला किया, तो सबसे बड़ी चुनौती अलग-अलग धर्म का होना बनी। दोनों के परिवारों को यह रिश्ता किसी भी कीमत पर मंजूर नहीं था।
पारिवारिक विरोध और बंदिशों के बावजूद दोनों का इरादा डगमगाया नहीं। अपने प्यार को अंजाम तक पहुंचाने के लिए दोनों ने साथ मिलकर रहने और कानूनी व सामाजिक तरीके से विवाह करने का फैसला किया, जिसके बाद वे बरेली पहुंचे।
‘साहब! छीन लिया मोबाइल, दी जान से मारने की धमकी…’ मैनपुरी में विवाहिता का छलका दर्द
बरेली में विवाह से पूर्व युवती ने अपनी इच्छा से धर्म परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी की। रजिया से गौरी देवी बनी युवती ने स्पष्ट किया कि उसने यह कदम किसी दबाव, बहकावे या लालच में आकर नहीं उठाया है।
उसने बताया कि बचपन से ही उसकी हिंदू धर्म में गहरी आस्था रही है और वह भगवान भोलेनाथ को अपना इष्ट देव मानती है। सनातन धर्म अपनाकर भगवान शिव की पूजा करने की उसकी लंबे समय से इच्छा थी, जिसे उसने अब पूरा किया है।
धर्म परिवर्तन के बाद बरेली में हिंदू रीति-रिवाज और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच तोताराम और गौरी देवी ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाकर सात फेरे लिए। शादी के बंधन में बंधने के बाद नवविवाहिता ने अपने परिवार के कुछ सदस्यों से अपनी और अपने पति की जान को खतरा जताया है।
उसने स्थानीय पुलिस और प्रशासन से सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। मामले में आचार्य केके शंखधार ने पुष्टि की कि दोनों बालिग हैं और उन्होंने अपनी इच्छा से विवाह किया है, इसलिए प्रशासन से उन्हें सुरक्षा दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
Location : Bareilly
Published : 23 August 2026, 4:22 PM IST
Topics : bareilly news Bareilly Police love Story UP News