हिंदी
पेड़ से लटका मिला 26 वर्षीय शिक्षक का शव (Image Source: Dynamite News)
Sitapur: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के महोली कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार देर शाम एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। शव गन्ने के खेत के किनारे था। घटनास्थल के पास एक लावारिस बाइक खड़ी मिली, जबकि आसपास खून भी फैला हुआ था। इन परिस्थितियों को देखकर ग्रामीणों ने युवक की हत्या कर शव पेड़ से लटकाए जाने की आशंका जताई है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी हैं।
मृतक की पहचान ब्रहावली गांव निवासी अनिल मिश्रा के बेटे विशाल मिश्रा (26) उर्फ प्रशांत के रूप में हुई है। वह लखीमपुर जिले के मैगलगंज स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में अध्यापक था। जानकारी के मुताबिक, विशाल गुरुवार सुबह बाइक से स्कूल गया था। वह करीब 11 बजे स्कूल से वापस निकला था। इसके बाद देर शाम तक उसके शव मिलने की सूचना सामने आई।
जांच में जुटी पुलिस (Image Source: Dynamite News)
ये भी पढे़ं: किस गम ने बुजुर्ग महिला को मौत की पटरी पर दौड़ा दिया? सीतापुर में ट्रेन के आगे कूदकर दी जान
गुरुवार देर शाम बढ़ैया और ब्रहावली गांव के बीच माइनर के पास खेतों में काम कर रहे किसानों की नजर एक लावारिस बाइक पर पड़ी। बाइक खड़ी देखकर किसानों ने आसपास तलाश की। इस दौरान करीब 50 मीटर दूर गन्ने के खेत के किनारे एक पेड़ से युवक का शव लटका मिला।
शव के पास ही एक बैग रखा हुआ था। घटनास्थल पर करीब एक मीटर तक खून फैला हुआ था। बताया गया है कि युवक के पैर जमीन को छू रहे थे। पेड़ से शव लटकने, पास में बाइक और बैग मिलने तथा जमीन पर खून फैला होने जैसी परिस्थितियों ने ग्रामीणों के मन में कई सवाल खड़े कर दिए। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि युवक की हत्या करने के बाद शव को पेड़ से लटकाया गया होगा। हालांकि, घटना की असल वजह और युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। इन सभी पहलुओं की जांच पुलिस कर रही है।
ये भी पढे़ं: Accident: सीतापुर लौट रहे चार दोस्तों की रामपुर में दर्दनाक मौत, फ्लाईओवर से नीचे गिरी बोलेरो
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस अब मौके से मिले तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। इंस्पेक्टर क्राइम धीरज शुक्ला ने बताया कि अभी इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। विशाल मिश्रा अविवाहित था। उसके पिता अनिल मिश्रा खेती-किसानी करते हैं, जबकि मां कनकलता आशा कार्यकर्ता हैं। परिवार में दो भाई और एक बहन हैं। शिक्षक के शव मिलने की घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। फिलहाल पुलिस की जांच में यह पता लगाया जाना बाकी है कि विशाल की मौत कैसे हुई और घटनास्थल पर मिली परिस्थितियों के पीछे क्या वजह थी।
Location : Sitapur
Published : 26 November 2026, 9:02 PM IST
Topics : crime news Forensic team investigation Sitapur Teacher News Sitapur News Suspicious Death Case