हिंदी
बिसाना हत्याकांड में आरोपी गिरफ्तार (Image Source: Dynamite News)
Hathras: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में चंदपा थाना क्षेत्र के गांव बिसाना में हुए मानवेन्द्र सिंह हत्याकांड में पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी सीके उर्फ श्रीकृष्ण को 25 नवंबर को कछपुरा पुलिया के पास से पकड़ा। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस का दावा है कि बरामद तमंचे का इस्तेमाल हत्याकांड में किया गया था। इस मामले में दो अन्य आरोपियों को पुलिस पहले ही मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के मुताबिक, 11 नवंबर की शाम चंदपा थाना क्षेत्र के बिसाना गांव में गोपाल और उसके कुछ साथी एक व्यक्ति के घर पहुंचे थे। आरोप है कि वहां गाली-गलौज करने के बाद उन्होंने मानवेन्द्र सिंह को गोली मार दी और मौके से फरार हो गए।
Maharajganj: संविधान दिवस पर सुशील टिबड़ेवाल बोले- ‘MLA बना तो गांव-गांव लगवाऊंगा अंबेडकर प्रतिमा’
घटना की सूचना मिलने के बाद चंदपा थाना पुलिस ने वादिया की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद पुलिस ने हत्याकांड में शामिल आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी, एंटी थेफ्ट, सर्विलांस और चंदपा थाना पुलिस की पांच टीमें गठित की थीं।
पुलिस की गठित टीमों ने घटनास्थल से मिले सुरागों और संदिग्धों की गतिविधियों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
इसी क्रम में 19 नवंबर को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया था। वहीं, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि बिसाना हत्याकांड का मुख्य आरोपी सीके उर्फ श्रीकृष्ण पुत्र खगेंद्र निवासी बिसाना भागने की फिराक में है। सूचना के आधार पर चंदपा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 25 नवंबर को कछपुरा पुलिया के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
सीओ सादाबाद योगेंद्र कृष्ण नारायण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा बरामद किया गया है। तमंचे के चेंबर में एक खोखा कारतूस भी मिला है। पुलिस के मुताबिक, बरामद असलहे का इस्तेमाल मानवेन्द्र सिंह हत्याकांड में किया गया था।
Location : Hathras
Published : 26 November 2026, 6:25 PM IST