Saharanpur: बायोमेट्रिक हाजिरी से 20 हजार वेतन तक, सहारनपुर में सफाई कर्मचारियों का धरना-प्रदर्शन जारी

सहारनपुर में सफाई कर्मचारियों का धरना लगातार जारी है। कर्मचारियों ने बायोमेट्रिक हाजिरी समाप्त करने, पुराने वार्डों में ड्यूटी बहाल करने और निजी कंपनियों को सफाई का ठेका देने की प्रक्रिया रोकने की मांग की है। संगठन ने आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के लिए 20 हजार रुपये मासिक वेतन की मांग करते हुए अनिश्चितकालीन काम बंद हड़ताल का अल्टीमेटम भी दिया है।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 26 November 2026, 6:03 PM IST
google-preferred

Saharanpur: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में सफाई कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर अखिल भारतीय सफाई मजदूर यूनियन और उत्तर प्रदेश सफाई मजदूर संघ का धरना लगातार जारी है। कर्मचारियों ने बायोमेट्रिक हाजिरी समाप्त करने, पुराने वार्डों में ड्यूटी बहाल करने और निजी कंपनियों को सफाई का गोल ठेका देने की प्रक्रिया रोकने की मांग की है। वहीं, अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस ने मांगें पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन काम बंद हड़ताल की चेतावनी दी है।

यूनियन के पदाधिकारियों का कहना है कि नगर निगम अधिकारियों के साथ कई बार वार्ता हो चुकी है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकल सका है।

बायोमेट्रिक हाजिरी खत्म करने और पुराने वार्डों में ड्यूटी की मांग

यूनियन के पदाधिकारियों ने बायोमेट्रिक हाजिरी समाप्त कर पहले की तरह रजिस्टर के माध्यम से उपस्थिति दर्ज कराने की मांग की है। उनका आरोप है कि निजी कंपनी के आने के बाद घरों के पास ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को दूर-दराज के वार्डों में भेज दिया गया है।

Deoria News: तीसरी बार टूटी डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा, प्रदर्शन के बाद पुलिस ने नई मूर्ति और कार्रवाई का दिया आश्वासन

यूनियन के मुताबिक, नगर निगम अधिकारियों ने स्थायी और संविदा कर्मचारियों की ड्यूटी भी दूर के वार्डों में लगा दी है। इससे कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। छोटे बच्चों वाली कुछ महिला कर्मचारी अपने बच्चों को स्कूल तक नहीं भेज पा रही हैं।

पदाधिकारियों के अनुसार, अधिकारी वीआईपी दौरे और जनसभा को देखते हुए सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने की बात कह रहे हैं। रैली के बाद दोबारा वार्ता करने का आश्वासन दिया गया है। हालांकि, कुछ कर्मचारियों ने इस आश्वासन पर सवाल उठाते हुए मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।

Saharanpur1

सफाई कर्मचारियों ने नगर निगम के खिलाफ खोला मोर्चा (Image Source: Dynamite News)

मई में हुए समझौते से मुकरने का आरोप

अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस की महानगर सहारनपुर शाखा ने 17 अक्टूबर को नगर आयुक्त और महापौर को पत्र लिखकर काम बंद हड़ताल की सूचना दी थी। संगठन ने नगर निगम प्रशासन पर पूर्व में हुए समझौते से मुकरने का आरोप लगाया है।

संगठन के मुताबिक, मई 2026 में सफाई का गोल ठेका निजी कंपनी को सौंपने के विरोध में कर्मचारियों ने हड़ताल की थी। इसके बाद 20 मई 2026 की रात जिलाधिकारी ने शाकुंभरी मीटिंग हॉल में वार्ता कराई थी।

वार्ता में किसी भी निजी कंपनी को गोल ठेका नहीं देने और वर्तमान सीएलसी के माध्यम से कर्मचारियों की आपूर्ति जारी रखने पर सहमति बनी थी। लिखित सहमति पत्र मिलने के बाद कर्मचारी काम पर लौट आए थे। संगठन का आरोप है कि अक्टूबर 2026 में दो निजी कंपनियों को सफाई का गोल ठेका देने की प्रक्रिया दोबारा शुरू कर दी गई।

Kasganj Crime: दहेज में बाइक की डिमांड बनी मौत की वजह? संदिग्ध हालात में मिला शिवानी का शव

सात दिनों का अल्टीमेटम

संगठन का दावा है कि नगर निगम का सफाई कार्य वर्तमान में 42 से 45 करोड़ रुपये में संचालित हो रहा है। ऐसे में निजी कंपनी को 90 करोड़ रुपये में ठेका देने और 45 करोड़ रुपये अतिरिक्त खर्च करने की तैयारी पर संगठन ने सवाल उठाते हुए उत्तर प्रदेश शासन से संज्ञान लेने की मांग की है।

इसके अलावा आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की भर्ती और आपूर्ति आउटसोर्सिंग सेवा निगम के माध्यम से कराने तथा मुख्यमंत्री द्वारा घोषित 20 हजार रुपये मासिक वेतन दीपावली से पूर्व दिलाने की मांग की गई है।

संगठन ने चेतावनी दी है कि सात दिनों के भीतर कर्मचारियों की डेटा फीडिंग आउटसोर्सिंग सेवा निगम में नहीं होने और निजी कंपनियों से अनुबंध की प्रक्रिया नहीं रोके जाने पर अनिश्चितकालीन काम बंद हड़ताल की जाएगी।

इस दौरान ब्रजमोहन चिनालिया, ब्रज मोहन सूद, चेतन चण्याणे, संजय भुम्बक, संदीप चौटाला, कमल किशोर, अमित चिलानिया, अब्दुल गफ्फार, महेन्द्र वैद्य, मुकेश घावरी, राजकुमार, सुनील, ईश्वर सिंह, रतन कुमार, किरणपाल, अम्बर चंदेल, अमरीश, अमित, तौसीफ, हिमांशु, शिवम, सचिन और संदीप आदि मौजूद रहे।

Location :  Saharanpur

Published :  26 November 2026, 6:03 PM IST

Advertisement