Kasganj: ‘पापा, उठो ना!’ भतीजे के जन्मदिन पर नाचते-नाचते चाचा की मौत, दो मासूमों के सिर से उठा पिता का साया

कासगंज के खरपरा गांव में भतीजे के जन्मदिन समारोह के दौरान डीजे पर नाचते समय सोनेलाल अचानक गिर पड़े। परिजन उन्हें चिकित्सक के पास ले गए, लेकिन जान नहीं बच सकी। दो मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 26 November 2026, 6:02 PM IST
google-preferred

Kasganj: घर में खुशियों का माहौल था, भतीजे के जन्मदिन पर परिवार के लोग जश्न मना रहे थे। डीजे पर बज रहे गानों की धुन पर हर कोई झूम रहा था। सोनेलाल भी अपनों के बीच खुशियां बांट रहे थे। चेहरे पर मुस्कान थी और कदम संगीत की ताल पर थिरक रहे थे। किसी को जरा भी अंदेशा नहीं था कि खुशियों से भरी यह रात उनके परिवार की जिंदगी का सबसे दर्दनाक दिन बन जाएगी।

अचानक नाचते-नाचते सोनेलाल फर्श पर गिर पड़े। कुछ पल पहले तक गूंज रहे संगीत के बीच अफरा-तफरी मच गई। परिजन उन्हें बचाने के लिए दौड़े, चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। देखते ही देखते जन्मदिन का जश्न मातम में बदल गया।

क्या है पूरा मामला?

दिल दहला देने वाली यह घटना कोतवाली गंजडुंडवारा क्षेत्र के गांव खरपरा की है। गांव निवासी सोनेलाल पुत्र मदनलाल बुधवार रात अपने भतीजे के जन्मदिन समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। घर में रिश्तेदारों और परिवार के लोगों की मौजूदगी में खुशियां मनाई जा रही थीं। डीजे की तेज धुन पर सोनेलाल भी नाचने लगे।

कासगंज में तमंचे की सफाई बनी जानलेवा, दोस्त की हालत गंभीर; आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

परिवार के लोग उन्हें खुशी से झूमते देख रहे थे, लेकिन कुछ ही देर बाद वह अचानक जमीन पर गिर पड़े। पहले तो लोगों को कुछ समझ नहीं आया, लेकिन उनकी हालत देखकर सभी घबरा गए। परिजन बिना देर किए उन्हें निजी चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक सोनेलाल (Img- Dynamite News)

दो बच्चों को छोड़ गए पिता

सोनेलाल की मौत ने परिवार को ऐसा जख्म दिया है, जिसकी भरपाई शायद कभी नहीं हो सकेगी। पांच वर्ष पहले उनकी शादी हुई थी। उनके दो मासूम बच्चे हैं, जिन्हें शायद अभी यह भी समझ नहीं कि उनके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है। जिस पिता की उंगली पकड़कर उन्हें जिंदगी की राह पर चलना था, अब वही पिता हमेशा के लिए उन्हें छोड़कर चला गया। बच्चों के भविष्य और परिवार की जिम्मेदारियों का सवाल छोड़कर सोनेलाल की जिंदगी अचानक थम गई।

कासगंज के लभेड़ गांव पहुंचे नौ प्रशिक्षु IAS, IPS और IRMS अधिकारी, ग्रामीण जीवन को करीब से जाना

जन्मदिन की खुशियां बन गईं जिंदगी भर का गम

जिस आंगन में भतीजे के जन्मदिन पर हंसी-ठिठोली हो रही थी, वहां कुछ ही पलों में चीख-पुकार गूंजने लगी। डीजे की धुन खामोश हो गई और जश्न में शामिल लोग अपनों को ढांढस बंधाने में जुट गए। परिवार के लिए यह रात कभी न भूलने वाला दर्द बन गई। भतीजे का जन्मदिन अब उस परिवार को सोनेलाल की अचानक हुई मौत की याद दिलाता रहेगा। घटना के बाद से गांव में शोक की लहर है।

Location :  Kasganj

Published :  26 November 2026, 6:02 PM IST

Advertisement