हिंदी
विकास के नाम पर बने फाउंडेशन से बढ़ी परेशानी (Image Source: Dynamite News)
Mirzapur: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में नगर पालिका की ओर से सड़क की पटरी पर बनवाए गए होर्डिंग के फाउंडेशन अब वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं। शहर के मुख्य बाजार गिरधर चौराहे के समीप फाउंडेशन में लगे नुकीले बोल्टों से टकराकर वाहनों के टायर फट रहे हैं। पिछले दिनों एक कार का टायर फटने से चालक को करीब 8 हजार रुपये का नुकसान हुआ। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर पालिका ने इन बोल्टों को हटाने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की है।
दरअसल, नगर पालिका ने प्रचार बोर्ड, साइन बोर्ड और फ्लैक्स लगाने के लिए सड़क की पटरी पर पिलर के फाउंडेशन बनवाए थे। स्थानीय लोगों के विरोध के बाद बोर्ड तो हटा लिए गए, लेकिन फाउंडेशन में लगे नुकीले बोल्ट वहीं छोड़ दिए गए।
पिछले दिनों गिरधर चौराहे के पास से गुजर रही एक कार का टायर इन नुकीले बोल्टों से टकराकर फट गया। चालक के मुताबिक, उसे करीब 8 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि उस समय पीछे से कोई तेज रफ्तार वाहन नहीं आ रहा था, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका टल गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ दिन पहले सुल्तानपुर जिले से एक परिवार अपनी बेटी को PET की परीक्षा दिलाने मिर्जापुर के आर्रयकन्या स्कूल आया था। उनकी कार का टायर भी इन्हीं बोल्टों की चपेट में आने से फट गया था। इसके चलते पूरा परिवार घंटों परेशान रहा और काफी मशक्कत के बाद वापस लौट सका।
एक स्थानीय दुकानदार ने बताया कि यहां आए दिन वाहनों के टायर फटते हैं। सभासद से लेकर नगर पालिका तक शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। वहीं, एक राहगीर ने रात के समय बोल्ट दिखाई नहीं देने और दोपहिया वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका जताई।
सड़क पर नुकीले बोल्टों से जनता परेशान (Image Source: Dynamite News)
स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह फाउंडेशन एक सभासद के आवास के ठीक सामने है। इस रास्ते से अधिकारी, जनप्रतिनिधि और खुद सभासद भी गुजरते हैं। इसके बावजूद अब तक इसे हटाने की पहल नहीं हुई है।
गिरधर चौराहा शहर के मुख्य बाजार का व्यस्त इलाका है, जहां से प्रतिदिन सैकड़ों वाहन गुजरते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर के अन्य स्थानों पर भी इसी तरह के फाउंडेशन छोड़ दिए गए हैं। हालांकि, पेहटी चौराहे पर स्थानीय लोगों के भारी विरोध के बाद फाउंडेशन को उखड़वाना पड़ा था।
विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर गोरखपुर पहुंची चुनाव आयोग की टीम, 11 जिलों की होगी समीक्षा
सड़क की पटरियों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए नगर पालिका और प्रशासन की ओर से दुकानदारों तथा पटरी दुकानदारों पर कार्रवाई की जाती है। ऐसे में स्थानीय लोग सवाल उठा रहे हैं कि सड़क की पटरी पर होर्डिंग लगाने के लिए बनाए गए फाउंडेशन के खिलाफ कार्रवाई कब होगी।
अधिवक्ता एवं मिर्जापुर सेवा समिति के संयोजक दिलीप सिंह गहरवार ने सड़क की पटरियों पर इस तरह के फाउंडेशन बनाने को अतिक्रमण बताया। उन्होंने सवाल उठाया कि पालिकाध्यक्ष और अधिकारियों को यह अतिक्रमण क्यों नहीं दिखाई दिया।
उन्होंने कहा कि जब इसका विरोध हो रहा था, तो फाउंडेशन क्यों बनवाया गया और बाद में उसे हटाया क्यों नहीं गया? स्थानीय लोग अब नगर पालिका अध्यक्ष और जिला प्रशासन से जवाब मांग रहे हैं।
Location : Mirzapur
Published : 26 November 2026, 2:56 PM IST