घर के बाहर खेल रहा था 2 साल का अनमोल, पलभर में ओझल; बरेली में तालाब ने उजाड़ा परिवार

बरेली के बेहटा बुजुर्ग गांव में घर के बाहर खेल रहा दो वर्षीय अनमोल बुधवार को गहरे तालाब में डूब गया। परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। इसी तालाब में दो वर्ष पहले भी दो वर्षीय बच्ची की मौत हुई थी। ग्रामीण सुरक्षा इंतजाम नहीं होने पर नाराज हैं और प्रशासन से जवाब चाहते हैं।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 26 November 2026, 1:24 PM IST
google-preferred

Bareilly: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के बिशारतगंज थाना क्षेत्र के गांव बेहटा बुजुर्ग में बुधवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। घर के बाहर खेल रहे दो वर्षीय मासूम अनमोल की नौ फुट से अधिक गहरे तालाब में डूबने से मौत हो गई। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस-प्रशासन को सूचना दिए बिना ही बच्चे का अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं, हादसे के बाद तालाब के आसपास सुरक्षा इंतजाम नहीं होने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है।

शादी की तैयारियों के बीच परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

गांव निवासी कृष्णपाल कश्यप ने बताया कि रिश्तेदारी में शादी होने के चलते उन्हें भात लेकर जाना था। बुधवार को वह शादी की तैयारियों के लिए सामान खरीदने बिशारतगंज गए थे। इस दौरान उनका दो वर्षीय बेटा अनमोल घर के बाहर खेल रहा था। घर के सामने खड़ंजे के किनारे एक गहरा तालाब है, जिसमें मछली पालन किया जाता है। पड़ोसियों ने दोपहर करीब एक बजे अनमोल को तालाब के पास खेलते देखा था।

ये भी पढे़ं: जिंदगी की डोर यूं टूटी कि संभलने का मौका तक न मिला, रायबरेली में गहरे कुएं में गिरे युवक की मौत

तलाश के दौरान तालाब में मिला मासूम

घर लौटने पर कृष्णपाल ने बेटे की तलाश शुरू की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। पड़ोसियों से जानकारी मिलने के बाद करीब दो बजे तालाब में उतरकर खोजबीन की गई। इस दौरान अनमोल तालाब में मिला। परिजन उसे आनन-फानन में बिशारतगंज के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। चार भाई-बहनों में सबसे छोटे अनमोल की मौत से पूरा परिवार सदमे में है।

दो साल पहले भी तालाब में डूबकर हुई थी बच्ची की मौत

ग्रामीणों के मुताबिक, इसी तालाब में दो वर्ष पहले परिवार के सतीश कश्यप की दो वर्षीय बेटी मीनाक्षी की भी डूबने से मौत हो गई थी। उस हादसे के बाद ग्रामीणों ने स्थानीय अधिकारियों से तालाब के चारों ओर सुरक्षा घेरा बनवाने की मांग की थी। आरोप है कि इसके बावजूद कोई ठोस इंतजाम नहीं किए गए। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दो वर्षों में कई बच्चों को तालाब में गिरने से बचाया जा चुका है।

ये भी पढे़ं: बरेली में एयर गन से बंदर की हत्या, आरोपी ने खुद फोन कर बुलाया पशु प्रेमी; FIR दर्ज

आबादी के बीच 15 बीघा तक फैला तालाब बना खतरा

ग्रामीण नेत्रपाल, राम अवतार, राजवीर और महेंद्र पाल ने बताया कि तालाब करीब 14 से 15 बीघा क्षेत्रफल में फैला है। इसके चारों ओर घनी आबादी है। रोजाना बड़ी संख्या में लोग तालाब के किनारे से गुजरते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि जल निकासी के लिए बने नाले पर अतिक्रमण होने से पानी की निकासी बाधित है। नियमित सफाई नहीं होने के कारण तालाब दलदल में तब्दील होता जा रहा है। ऐसे में हर समय हादसे की आशंका बनी रहती है।

लापरवाही मिलने पर होगी कार्रवाई

आंवला के एसडीएम सुशील कुमार मिश्र ने बताया कि पीड़ित परिवार ने कोई कार्रवाई नहीं कराई है। हालांकि, परिवार को नियमानुसार संभव आर्थिक सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा। मौके पर टीम भेजकर तालाब के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और अतिक्रमण का स्थलीय निरीक्षण कराया जाएगा। जांच के आधार पर आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएंगे। लापरवाही सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Location :  Bareilly

Published :  26 November 2026, 1:24 PM IST

Advertisement