हिंदी
जल जीवन मिशन के ठेकेदार ने बयां किया दर्द (Image Source: Dynamite News)
Muzaffarnagar: गांवों में लोगों के घरों तक पानी पहुंचाने के लिए पाइपलाइन बिछाने वाले ठेकेदार आज खुद आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। जल जीवन मिशन के तहत विकास कार्य कराने वाले 14 पेटी ठेकेदारों ने एनकेजी प्राइमर्स जेवी कंपनी पर करीब चार करोड़ रुपये का भुगतान रोकने का आरोप लगाया है। ठेकेदारों का कहना है कि ढाई साल से भुगतान के इंतजार में उनके परिवार आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं। किसी को मजदूरों की मजदूरी चुकाने के लिए अपना मकान गिरवी रखना पड़ा तो किसी को पारिवारिक जिम्मेदारियां निभाने के लिए जमीन पर कर्ज लेना पड़ा। परेशान ठेकेदारों ने अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।
गुरुवार को मीडिया सेंटर पर आयोजित प्रेस वार्ता में जानसठ क्षेत्र के ठेकेदारों ने अपनी समस्याएं सामने रखीं। उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत वर्ष 2022 में विभिन्न ग्राम पंचायतों में पाइपलाइन बिछाने, सड़क निर्माण और पानी की टंकियों सहित अन्य विकास कार्य कराए गए थे।
ठेकेदारों के मुताबिक, वर्ष 2023 में सभी कार्य पूरे कर दिए गए थे, लेकिन लंबा समय बीतने के बावजूद उनका बकाया भुगतान नहीं किया गया। उनका दावा है कि संबंधित बिल जल निगम ग्रामीण और अधिकारियों के माध्यम से एनकेजी प्राइमर्स जेवी कंपनी को भेजे जा चुके हैं। इसके बावजूद 14 पेटी ठेकेदारों का करीब चार करोड़ रुपये का भुगतान अटका हुआ है।
योगी आदित्यनाथ को भेजा हस्तक्षेप (Image Source: Dynamite News)
प्रेस वार्ता के दौरान ठेकेदार नितिन गौतम ने अपनी आर्थिक परेशानियों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि मजदूरों की मजदूरी चुकाने के लिए उन्हें अपना मकान चोला मंडलम बैंक में गिरवी रखना पड़ा। आर्थिक तंगी के चलते वह ऋण की किश्तें भी समय पर जमा नहीं कर सके, जिसके बाद बैंक ने उनके घर पर नोटिस चस्पा कर दिया।
नितिन गौतम ने बताया कि 26 नवंबर को बहन की शादी के लिए उन्हें छह बीघा जमीन पर भी कर्ज लेना पड़ा। एक तरफ परिवार में शादी की खुशियां हैं तो दूसरी तरफ कर्ज और बकाया भुगतान की चिंता बनी हुई है। ठेकेदारों का कहना है कि समय पर भुगतान नहीं मिलने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति लगातार प्रभावित हो रही है।
Maharajganj: संविधान दिवस पर सुशील टिबड़ेवाल बोले- ‘MLA बना तो गांव-गांव लगवाऊंगा अंबेडकर प्रतिमा’
ठेकेदार अमृतपाल ने बताया कि भुगतान के लिए जिलाधिकारी, सीडीओ और जनप्रतिनिधियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है। लखनऊ में जनसुनवाई के माध्यम से भी समस्या उठाई गई। इसके अलावा शांतिपूर्ण धरने भी दिए गए, लेकिन उनके मुताबिक हर बार केवल आश्वासन मिला और भुगतान नहीं हुआ।
ठेकेदारों ने चेतावनी दी है कि समस्या का समाधान नहीं होने पर जिला कलेक्ट्रेट पर अनिश्चितकालीन धरना और भूख हड़ताल शुरू की जाएगी। उन्होंने इच्छा मृत्यु की मांग उठाने और आत्मदाह की चेतावनी भी दी है।
ठेकेदारों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, कंपनी की जवाबदेही तय करने और बकाया भुगतान दिलाने की मांग की है। प्रेस वार्ता में अमृतपाल, नितिन गौतम, साबिर, शोएब, आजाद, जुबैर, मतलूब, रवि कुमार, यूनुस राणा और अरशद सहित अन्य ठेकेदार मौजूद रहे।
Location : Muzaffarnagar
Published : 26 November 2026, 6:24 PM IST