हिंदी
मैनपुरी एसपी का कड़ा एक्शन (Img: Dynamite News)
Mainpuri: बरनाहल थाना क्षेत्र के ग्राम व मजरा एमासननगर निवासी विवाहिता दीपशिखा ने अपने पति समेत ससुराल पक्ष के कई लोगों पर मारपीट, प्रताड़ित करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। पीड़िता ने 21 अगस्त 2026 को एसपी को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और न्याय की गुहार लगाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दीपशिखा की शादी करीब सात वर्ष पूर्व हिंदू रीति-रिवाज से विकास कुमार उर्फ विकेश कुमार निवासी एमासननगर के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद पति विकेश कुमार का कुछ लड़कियों के साथ नाजायज संबंध होने की जानकारी पीड़िता को हुई। विरोध करने पर पति उसके साथ आए दिन मारपीट करने लगा। पीड़िता ने अपनी चार वर्षीय पुत्री रिया के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है।
ये भी पढ़ें - Mainpuri News: 112 पर पहुंची पुलिस तो शांत हुआ विवाद, रात में फिर घर में घुसे आरोपी… CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
शिकायत में पीड़िता ने सास सूरजमुखी, ननद पूजा देवी, ननद मालती देवी, देवर प्रवीण, देवरानी सोनी और भांजे हैप्पी पर भी पति का साथ देते हुए उसके साथ लड़ाई-झगड़ा करने तथा विरोध करने पर घर से निकालने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया, जिसमें पति के कथित कृत्यों से संबंधित जानकारी थी।
पीड़िता के मुताबिक वह कई बार थाने के चक्कर लगा चुकी है, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। 15 जून 2026 को भी उसने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र दिया था। आरोप है कि 21 अगस्त को पति विकेश और सास सूरजमुखी ने फोन पर उसे और उसकी पुत्री को जान से मारने की धमकी दी।
ये भी पढ़ें - Murder in Mainpuri: पति की मौत के बाद घर में अकेली रह रही विधवा की बेरहमी से हत्या, गर्दन में सटाकर मारी गोली
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने और सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक मैनपुरी ने जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं
Location : Mainpuri
Published : 21 August 2026, 1:52 PM IST
Topics : crime news mainpuri news UP News UP Police