Mainpuri News: 112 पर पहुंची पुलिस तो शांत हुआ विवाद, रात में फिर घर में घुसे आरोपी… CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

मैनपुरी कोतवाली क्षेत्र में पानी की निकासी को लेकर शुरू हुआ विवाद उस वक्त हिंसक हो गया, जब आरोप है कि कुछ लोग लाठी-डंडे और फरसा लेकर एक घर में घुस गए और परिवार के साथ मारपीट की। पीड़ित ने सिर पर गंभीर चोट लगने और पत्नी के साथ भी मारपीट व गला दबाने का आरोप लगाया है। घटना की पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद होने की बात कही जा रही है। पीड़ित ने एसपी से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 18 August 2026, 3:17 PM IST
google-preferred

Mainpuri: मैनपुरी में पानी की निकासी को लेकर शुरू हुआ एक मामूली विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि पहले नाली का पानी बंद करने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद विवाद शांत भी हो गया था। लेकिन कुछ घंटे बाद कथित तौर पर वही विवाद फिर भड़क गया। आरोप है कि कई लोग लाठी-डंडे और फरसा लेकर पीड़ित के घर में घुस गए और परिवार के लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी।

पानी की निकासी बंद करने को लेकर हुआ था विवाद

मामला थाना कोतवाली क्षेत्र का है। पीड़ित अजय गोस्वामी के मुताबिक, 14 अगस्त 2026 को पानी की निकासी को लेकर विवाद शुरू हुआ था। आरोप है कि विपक्षी पक्ष के लोगों ने नाली की ईंटें हटाकर पानी की निकासी बंद कर दी थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी। मामला बढ़ता देख पीड़ित पक्ष ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।

मैनपुरी के किसानों ने डीएम को सौंपा प्रार्थना पत्र, बोले- जमीन गई तो रोजी-रोटी पर हो जाएगा संकट खड़ा

रात में घर में घुसने का आरोप

पीड़ित के प्रार्थना पत्र के मुताबिक, रात करीब साढ़े आठ बजे गोपाल पुत्र गुलशन, राज पुत्र गुलशन, लक्की उर्फ अमित पुत्र प्रवीण, रजनी पत्नी गोपाल, दुर्गा पत्नी प्रवीण, अभिलाषा पत्नी गुलशन और अनीता पत्नी राज समेत अन्य लोग उसके घर में घुस आए। आरोप है कि उनके हाथों में लाठी-डंडे और फरसा था। घर में घुसते ही आरोपियों ने अजय गोस्वामी और उनके परिवार के लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी।

पत्नी से मारपीट और गला दबाने का भी आरोप

अजय गोस्वामी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि उनकी पत्नी के साथ भी मारपीट की गई। इतना ही नहीं, पत्नी का गला दबाने का भी आरोप लगाया गया है। घटना के बाद परिवार के लोगों ने पुलिस से मदद मांगी। पीड़ित का कहना है कि मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस से की गई और घायलों का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया।

‘बेटे को झूठे केस में फंसा देंगे’… मैनपुरी में मारपीट और धमकी के बाद SP के पास पहुंचा पिता, लगाए गंभीर आरोप

CCTV कैमरे में कैद हुई पूरी वारदात?

इस मामले में एक अहम बात यह भी सामने आई है कि घर में हुई मारपीट की पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद होने का दावा किया गया है। पीड़ित ने अपने प्रार्थना पत्र में CCTV फुटेज का जिक्र करते हुए कहा है कि कैमरे में घटना से जुड़े दृश्य रिकॉर्ड हुए हैं। अगर फुटेज उपलब्ध है तो पुलिस की जांच में यह महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित हो सकता है।

पीड़ित ने एसपी से लगाई कार्रवाई की गुहार

पीड़ित अजय गोस्वामी ने अब पुलिस अधीक्षक मैनपुरी को प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के साथ ही चोटों का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया, लेकिन इसके बावजूद आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी की कार्रवाई नहीं हुई है।

Location :  Mainpuri

Published :  18 August 2026, 3:17 PM IST

Related News

Advertisement