हिंदी
आरोपी भाई
Rampur: उत्तर प्रदेश के जिला रामपुर के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की पुलिस और जनपदीय साइबर सेल को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से साइबर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों, जो आपस में सगे भाई हैं, उनको रामपुर के कोतवाली शहर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी इंस्टाग्राम पर फर्जी अकाउंट बनाकर iPhone की अनबॉक्सिंग के वीडियो अपलोड करते थे, इन्हीं वीडियो के जरिए वे यह दावा करते थे कि ₹50,000 से ₹1,00,000 तक की कीमत वाला iPhone मात्र ₹3,000 से ₹5,000 में उपलब्ध है। जैसे ही कोई व्यक्ति इस झांसे में आता, उससे पहले एडवांस पेमेंट ले ली जाती थी।
अपर पुलिस अधीक्षक ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि ठगी की गई रकम को आरोपी तुरंत एटीएम के माध्यम से निकाल लेते थे और फिर उसे क्रिप्टो करेंसी USDT में बदल देते थे। ऐसा इसलिए किया जाता था ताकि पैसों की ट्रैकिंग मुश्किल हो जाए और पुलिस तक उनकी पहुंच न हो सके।
Surya Grahan 2026: क्या ग्रहण में सूर्य को जल देना चाहिए या फिर नहीं? जनिये क्या कहती है परंपरा?
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों के पास 30 से अधिक ईमेल आईडी और 20 से ज्यादा मोबाइल नंबरों का डेटा मौजूद था, जिससे यह साफ है कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और बड़े पैमाने पर लोगों को ठगी का शिकार बना चुका था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक और वित्तीय सामग्री बरामद की है। इनमें 3 iPhone, 1 वनप्लस मोबाइल, 1 मैकबुक, 1 लैपटॉप और 1 आईपैड शामिल हैं। इसके अलावा कई बैंकों की पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने एक हुंडई वर्ना कार और करीब 800 डॉलर (लगभग ₹80,000) की क्रिप्टो करेंसी भी सीज की है। बरामद सामान की कुल कीमत 6 से 7 लाख रुपये के आसपास आंकी गई है। आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं 418, 336(3), 340(2) BNS और 66, 66D IT Act के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Location : Rampur
Published : 4 February 2026, 6:17 PM IST