हिंदी
मैनपुरी के थाना दन्नाहार क्षेत्र स्थित टिंडोली रेलवे क्रॉसिंग से पुलिस की दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। विवादित स्पेशल टीम के पुलिसकर्मियों पर गेटमैन को बंधक बनाकर पिस्टल तानने, मारपीट और गाली-गलौज का आरोप है। इस दौरान ट्रेन काफी देर तक खड़ी रही, घटना का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल…
Mainpuri News : उत्तर प्रदेश के जनपद मैनपुरी में एक बार फिर पुलिस की कार्यशैली सवालों के घेरे में है। थाना दन्नाहार क्षेत्र के टिंडोली रेलवे क्रॉसिंग पर विवादों में रहने वाली पुलिस की स्पेशल टीम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पुलिसकर्मी आम लोगों के सामने सरकारी असलहों का खुलेआम प्रदर्शन करते नजर आ रहे हैं। आरोप है कि रेलवे बैरियर मनमर्जी से न खोलने पर पुलिसकर्मियों ने रेलवे गेटमैन को बंधक बना लिया और उसकी छाती पर पिस्टल तान दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुलिसकर्मियों का व्यवहार किसी कानून के रक्षक जैसा नहीं, बल्कि बदमाशों की तरह था। पब्लिक के सामने गेटमैन के साथ मारपीट की गई और भद्दी-भद्दी गालियां दी गईं। इस पूरे घटनाक्रम से रेलवे क्रॉसिंग पर अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
घटना के दौरान गेटमैन के बंधक होने के कारण रेलवे सिग्नल नहीं मिल सका, जिससे ट्रेन काफी देर तक रेलवे क्रॉसिंग पर खड़ी रही। यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग वीडियो बनाते नजर आए, जिसमें पुलिसकर्मियों की दबंगई साफ तौर पर देखी जा सकती है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिसकर्मी शराब के नशे में थे और इसी कारण उनका व्यवहार पूरी तरह बेकाबू हो गया। रेलवे क्रॉसिंग पर मौजूद लोग डर के कारण बीच-बचाव तक नहीं कर सके। घटना के बाद इलाके में लंबे समय तक भय का माहौल बना रहा। वायरल वीडियो ने पुलिस की छवि को गहरा झटका दिया है और स्पेशल टीम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मामले के सामने आने के बाद रेलवे विभाग हरकत में आया। रेलवे अधिकारियों ने आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ थाने में लिखित तहरीर दी है। विभाग का कहना है कि इस तरह की घटना न केवल रेलवे कर्मचारियों की सुरक्षा पर सवाल उठाती है, बल्कि यात्री सुरक्षा और रेलवे संचालन को भी प्रभावित करती है।
यह पहला मौका नहीं है जब उक्त स्पेशल टीम और उसमें तैनात कुछ पुलिसकर्मी विवादों में घिरे हों। इससे पहले भी उन पर दुर्व्यवहार और दबंगई के आरोप लग चुके हैं। अब CCTV फुटेज के वायरल होने के बाद पुलिस विभाग की जवाबदेही तय करने की मांग तेज हो गई है।
UP News: नकब लगाकर किसान के घर से 20 बकरियां चोरी, बेटी की शादी से पहले टूटा सहारा
सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या कानून के रखवाले खुद कानून को हाथ में लेने के दोषी पाए जाएंगे, या फिर यह मामला भी जांच के नाम पर ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा। जनता और रेलवे विभाग दोनों को अब निष्पक्ष कार्रवाई और सख्त कदम की उम्मीद है।