हिंदी
‘धुरंधर: द रिवेंज’ का टीज़र रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा है। रणवीर सिंह के खतरनाक अवतार और दमदार डायलॉग्स ने फैंस का उत्साह बढ़ा दिया है। फिल्म 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
‘धुरंधर: द रिवेंज’ का टीजर रिलीज
New Delhi: बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ सफलता हासिल करने वाली फिल्म धुरंधर के बाद अब इसका अगला अध्याय ‘धुरंधर: द रिवेंज’ दर्शकों के सामने आने के लिए तैयार है। मंगलवार दोपहर 12:12 बजे जैसे ही फिल्म का टीज़र रिलीज हुआ, वैसे ही सोशल मीडिया पर यह ट्रेंड करने लगी। फैंस का उत्साह देखते ही बन रहा है और ट्विटर से लेकर इंस्टाग्राम तक फिल्म को लेकर जबरदस्त चर्चा हो रही है।
टीज़र को खुद रणवीर सिंह ने शेयर किया है। महज कुछ सेकेंड के इस टीज़र में रणवीर का अंदाज़ पहले से कहीं ज्यादा आक्रामक और खतरनाक नजर आता है। इस बार कहानी का फोकस पूरी तरह बदले की आग पर है, जिसे टीज़र की हर झलक में महसूस किया जा सकता है।
पहले से ज्यादा खतरनाक अवतार में रणवीर
टीज़र में रणवीर सिंह अपने किरदार हमजा अली मजारी के रूप में लौटे हैं। आखिरी सीन में उनकी दमदार आवाज गूंजती है, “ये नया हिंदुस्तान है, घर में घुसेगा भी और मारेगा भी।” यह डायलॉग ही बता देता है कि इस बार फिल्म का टोन पहले से ज्यादा डार्क और इंटेंस होने वाला है।
हमजा बनने की कहानी भी आएगी सामने
फिल्म के निर्देशक आदित्य धर इस पार्ट में किरदार की जड़ों तक जाने वाले हैं। टीज़र से संकेत मिलता है कि इस बार दिखाया जाएगा कि जसकीरत सिंह किन हालातों से गुजरकर हमजा अली मजारी बना और उसकी जिंदगी ने हिंसा का रास्ता क्यों चुना। यह बैकस्टोरी फिल्म को और गहराई देगी।
स्टारकास्ट और कराची का बैकग्राउंड
टीज़र में कुछ पलों के लिए आर. माधवन, अर्जुन रामपाल और संजय दत्त की झलक भी देखने को मिलती है, जिससे फैंस का एक्साइटमेंट और बढ़ गया है। फिल्म की कहानी कराची के लियारी इलाके के बैकग्राउंड में सेट है, जो गैंगवार और हिंसक संघर्षों के लिए जाना जाता है। इससे साफ है कि एक्शन और ड्रामा इस बार और भी बड़े स्तर पर दिखेगा।
पहले भाग की ऐतिहासिक सफलता
5 दिसंबर 2025 को रिलीज हुई ‘धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस पर 1,300 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ब्लॉकबस्टर का दर्जा हासिल किया था। फिलहाल इसका पहला भाग नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रहा है, जहां इसे भी जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है।
कब और कहां होगी रिलीज
‘धुरंधर: द रिवेंज’ 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। यह फिल्म हिंदी के साथ-साथ तमिल, मलयालम और अन्य भाषाओं में भी रिलीज की जाएगी, जिससे इसका दायरा और बड़ा हो जाएगा।