यूपी में आसमान से आफत! लगभग 5 दर्जन मौत , 46 घायल और 1021 मकान तबाह; इन जिलों में सबसे ज्यादा नुकसान

उत्तर प्रदेश में भारी बारिश और आंधी-तूफान ने कई जिलों में जनजीवन प्रभावित कर दिया है। राहत आयुक्त के मुताबिक 56 लोगों की मौत, 46 लोगों के घायल होने, 107 पशुहानि और 1,021 मकानों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। 25 से 27 सितंबर की सुबह तक प्रदेश में सामान्य से 775 फीसदी ज्यादा बारिश दर्ज की गई। प्रशासन ने राहत-बचाव कार्य तेज करने के साथ हेल्पलाइन नंबर 1070 जारी किया है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 27 September 2026, 8:15 PM IST
google-preferred

Lucknow: उत्तर प्रदेश में पिछले करीब 48 से 60 घंटे से जारी भारी बारिश और आंधी-तूफान ने कई जिलों में हालात बिगाड़ दिए हैं। अतिवृष्टि और खराब मौसम के कारण अब तक 56 लोगों की मौत, 46 लोगों के घायल होने, 107 पशुओं की मौत और 1,021 मकानों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। स्थिति को देखते हुए प्रभावित जिलों में राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं।

राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने रविवार को प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों और अपर जिलाधिकारियों से बातचीत कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित परिवारों से सीधे संपर्क किया जाए और उनकी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए। साथ ही राहत कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने को कहा गया है।

सामान्य से 775 फीसदी ज्यादा बारिश

राहत आयुक्त के मुताबिक, 25 सितंबर से 27 सितंबर की सुबह तक उत्तर प्रदेश में 66.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इस अवधि में सामान्य बारिश 7.6 मिलीमीटर होती है। यानी प्रदेश में बारिश सामान्य से करीब 775 फीसदी अधिक रही। इस दौरान प्रदेश के 75 जिलों में से 56 जिलों में अत्यधिक बारिश दर्ज की गई। फर्रुखाबाद में सामान्य से 7,385 फीसदी, कन्नौज में 5,664 फीसदी, शाहजहांपुर में 4,408 फीसदी, हमीरपुर में 4,240 फीसदी और महोबा में 4,100 फीसदी अधिक बारिश दर्ज होने की जानकारी दी गई है।

UP Weather: सितंबर में नवंबर जैसी ठंड! बारिश के रिकॉर्ड ने बढ़ाई चिंता, अब मौसम को लेकर आया बड़ा अपडेट

सीतापुर में सबसे ज्यादा जनहानि

बारिश और आंधी-तूफान से हुई जनहानि में सीतापुर सबसे अधिक प्रभावित जिलों में रहा। यहां 7 लोगों की मौत की सूचना है। इसके अलावा लखीमपुर खीरी, बहराइच और बलरामपुर में 5-5 लोगों की मौत हुई है। अयोध्या और गोरखपुर में 4-4 लोगों की मौत की सूचना है। अलग-अलग जिलों से सामने आ रहे आंकड़ों को राहत विभाग की ओर से संकलित किया जा रहा है। घायलों की बात करें तो हरदोई में 7 लोग घायल बताए गए हैं। मैनपुरी, श्रावस्ती और बाराबंकी में 5-5, जबकि सीतापुर और लखीमपुर खीरी में 3-3 लोगों के घायल होने की सूचना है।

हरदोई में सबसे ज्यादा मकानों को नुकसान

भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण कई जिलों में मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक हरदोई में 272 मकान, सीतापुर में 108, चंदौली में 75, औरैया में 60, गोंडा में 54, हमीरपुर में 51, शाहजहांपुर में 47 और बहराइच में 44 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। प्रशासन की ओर से प्रभावित मकानों और अन्य नुकसान का आकलन कराया जा रहा है, ताकि पात्र प्रभावित परिवारों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

पशुहानि में भी बड़ा नुकसान

बारिश और आंधी-तूफान के बीच पशुहानि की भी सूचना है। हरदोई में 28 पशुओं, सीतापुर में 16 और कन्नौज में 14 पशुओं की मौत बताई गई है। इसके अलावा बहराइच और कानपुर देहात में 7-7 तथा उन्नाव में 6 पशुओं की मौत की सूचना है। प्रशासन की ओर से जनहानि, पशुहानि और मकान क्षति से जुड़े मामलों में नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है।

सावधान! यूपी में कल मौसम का तांडव, कई जिलों में बारिश का रेड अलर्ट और स्कूलें बंद; जानिए अपने क्षेत्र का हाल

डीएम को प्रभावित परिवारों से मिलने के निर्देश

राहत आयुक्त ने जिलाधिकारियों और अपर जिलाधिकारियों को सिर्फ कार्यालय से निगरानी करने के बजाय प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि प्रभावित परिवारों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उनकी जरूरतों की जानकारी ली जाए और जरूरी सहायता जल्द उपलब्ध कराई जाए। बारिश से फसलों को हुए नुकसान का आकलन भी कराया जा रहा है। प्रशासन को प्रभावित किसानों के नुकसान का सर्वे कराकर नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

तेज बहाव से दूर रहने की अपील

बारिश के कारण कई जगह जलभराव और नदी-नालों में तेज बहाव की स्थिति बन सकती है। प्रशासन ने लोगों से नदी, नाले और तेज बहाव वाले पानी के आसपास जाने से बचने की अपील की है। आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव टीमों की मदद लेने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। आपातकालीन सहायता के लिए राहत आयुक्त कार्यालय की हेल्पलाइन 1070 पर संपर्क किया जा सकता है।

Location :  Lucknow

Published :  27 September 2026, 8:15 PM IST

Advertisement