हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में सितंबर के आखिरी दिनों में मौसम ने ऐसा करवट बदला है कि लोगों को नवंबर जैसी ठंड का एहसास होने लगा है। राजधानी लखनऊ में बारिश ने सितंबर के पुराने रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए हैं। शनिवार को हनुमान सेतु क्षेत्र में 200.8 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सितंबर महीने में अब तक की सर्वाधिक बारिश बताई जा रही है। वहीं, रविवार को भी प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन के प्रभाव से लखनऊ में करीब 50 घंटे से लगातार बारिश हो रही है। शनिवार को हनुमान सेतु इलाके में 200.8 मिमी वर्षा दर्ज हुई। लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण राजधानी के तापमान में भी बड़ी गिरावट आई है।
रविवार को प्रदेश में करीब 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से आठ डिग्री कम रहा।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर, सीतापुर, हरदोई, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, कासगंज, एटा, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, संभल और बदायूं समेत कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी है।
Deoria: बारिश के बीच देर रात तक सड़कों पर उतरे डीएम, जलभराव वाले इलाकों का लिया जायजा
बारिश और तेज हवाओं ने दिन के तापमान को भी काफी नीचे पहुंचा दिया है। बरेली में अधिकतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 11.6 डिग्री कम है। इसके साथ ही बरेली प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा। हरदोई में अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
लगातार बारिश के कारण करीब 40 जिलों में दिन के समय भी गर्मी का असर कम हो गया है। धूप नहीं निकलने और वातावरण में नमी बढ़ने से लोगों को सितंबर में ही सर्दी जैसा एहसास हो रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने लगेगा। बंगाल की खाड़ी से बने मौसमी तंत्र का प्रभाव रविवार रात से कमजोर होने की संभावना है। अगले दो-तीन दिनों में पूर्वी और दक्षिणी यूपी के कुछ इलाकों में बादलों की आवाजाही के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अक्टूबर के पहले सप्ताह से प्रदेश में मानसून की विदाई के आसार हैं।
Location : Lucknow
Published : 27 September 2026, 7:28 AM IST