हिंदी
मूसलाधार बारिश में डीएम सड़कों पर
Deoria: लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी शनिवार देर रात करीब नौ बजे शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचे और जलभराव व जल निकासी की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया। डीएम ने अधिकारियों को जलभराव वाले स्थानों पर तत्काल पानी की निकासी कराने और लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी कचहरी से निकलकर सुभाष चौक, हनुमान मंदिर रोड, सूरज मल्टीप्लेक्स के सामने स्थित सीसी रोड और कतरारी चौराहे तक पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति देखी और संबंधित अधिकारियों से जल निकासी की व्यवस्था की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि लगातार बारिश को देखते हुए जहां भी जलभराव की स्थिति बने, वहां तत्काल आवश्यक संसाधनों का उपयोग कर पानी की निकासी कराई जाए।
बारिश के बीच आधी रात तक एक्शन में डीएम
इसके बाद डीएम महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। उन्होंने अस्पताल परिसर में जलभराव, जल निकासी तथा मरीजों और तीमारदारों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पताल परिसर में पानी की निकासी सुचारु रखी जाए, ताकि मरीजों और उनके तीमारदारों को किसी तरह की परेशानी न हो।
देवरिया में युवती को घर छोड़ने के बहाने वाहन में बैठाया, रास्ते में वाहन छोड़ हुए फरार
डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बारिश के दौरान सभी अधिकारी अलर्ट मोड में रहें और क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहें। जलभराव, आवागमन में बाधा या विद्युत आपूर्ति प्रभावित होने की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने नालियों और जल निकासी के मार्गों को अवरुद्ध होने से बचाने तथा आवश्यकता के अनुसार पंप और अन्य संसाधनों का उपयोग कर जल निकासी कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा।
देवरिया में कुदरत का कहर, पकी धान की फसल जमींदोज और टूटे बिजली के खंभे; सहमे लोग
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर अनिमेष वर्मा, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Location : Deoria,
Published : 27 September 2026, 6:53 AM IST