हिंदी
बारिश और तेज हवाओं से तबाही (Img: Dynamite News)
Deoria: उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्से समेत बिहार के कई इलाकों में शनिवार रात से मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज हवाओं के साथ लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। देवरिया और गोरखपुर समेत कई जिलों में खराब मौसम को देखते हुए कक्षा 12 तक के विद्यालय बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं बारिश और तेज हवा का व्यापक असर ग्रामीण क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है।
लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण जिले में कई स्थानों पर पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। कहीं पेड़ सड़कों पर गिरने से आवागमन बाधित हुआ तो कहीं बिजली के खंभे और तार क्षतिग्रस्त हो गए। इससे कई इलाकों में विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित हुई। ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
तीन दिन की बारिश से देवरिया बेहाल, बाजार से स्कूल तक जनजीवन पर पड़ा असर
मौसम की सबसे ज्यादा मार किसानों पर पड़ी है। खेतों में तैयार धान की फसल तेज हवाओं के कारण जमीन पर गिर गई है। वहीं लगातार बारिश से खेतों में पानी भर गया है। इससे तैयार फसल के खराब होने और उत्पादन प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। फसल गिरने से किसानों को आर्थिक नुकसान की चिंता सताने लगी है।
भटनी क्षेत्र के सहोपार टोला वार्ड नंबर-4 में तेज हवा और बारिश के बीच एक बड़ा पेड़ सड़क पर गिर गया। पेड़ गिरने से भटनी-भरथुवा और भटनी-रजवल मार्ग बाधित हो गए। दोनों मार्गों पर आवागमन रुकने से राहगीरों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी हुई।
बारिश तेज थी, फिर भी नहीं रुके देवरिया डीएम; गाड़ी रुकवाई और खुद सुनीं लोगों की समस्याएं
पेड़ गिरने के साथ बिजली के खंभे और तार भी क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से जल्द पेड़ हटवाकर आवागमन बहाल कराने और विद्युत व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।
बारिश और तेज हवाओं के कारण जिले के अन्य हिस्सों में भी नुकसान की सूचनाएं सामने आ रही हैं। खराब मौसम को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की जा रही है। किसानों की निगाहें अब मौसम के अगले रुख पर टिकी हैं, क्योंकि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो धान की तैयार फसल को और नुकसान हो सकता है।
Location : Deoria
Published : 26 September 2026, 5:58 PM IST