हिंदी
ईओ ने रैन बसेरों का रात में किया औचक निरीक्षण
Raebareli: कड़ाके की ठंड के बीच बेघर एवं जरूरतमंद लोगों को राहत देने के लिए बनाए गए रैन बसेरों की व्यवस्थाओं का जायजा लेने हेतु नगर पालिका अधिशासी अधिकारी (ईओ) स्वर्ण सिंह ने सोमवार देर रात विभिन्न स्थाई एवं अस्थाई रैन बसेरों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सभी स्थानों पर उपलब्ध सुविधाओं को परखा और संतोष व्यक्त किया।
रायबरेली जिलाधिकारी हर्षिता माथुर के निर्देश के बाद नगर पालिका की टीम सक्रिय हो गई है। इसी क्रम में ईओ स्वर्ण सिंह ने रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन और सुपर मार्केट सहित अन्य स्थलों पर स्थापित रैन बसेरों का दौरा किया। अधिकारियों का कहना है कि बढ़ती ठंड में किसी भी जरूरतमंद को खुले में रुकना न पड़े, इसके लिए ठोस इंतजाम किए गए हैं।
Raebareli News: डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने रायबरेली में की विशेष SIR समीक्षा बैठक, दिए सख्त निर्देश
शहर में बेघर और दूर-दराज से आने वाले लोगों को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने के लिए नगर पालिका द्वारा कुल 6 रैन बसेरे संचालित किए जा रहे हैं। इनमें से 2 स्थाई और 4 अस्थाई रैन बसेरे हैं।
इन रैन बसेरों में जरूरतमंद लोग पूरी तरह से निःशुल्क रुक सकते हैं। ठंड से बचाव हेतु नगर पालिका की ओर से गर्म रजाइयां, कंबल और मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
रैन बसेरों में रुकने वाले लोगों को केवल ठहरने की ही व्यवस्था नहीं दी जा रही, बल्कि खान-पान की भी विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। प्रशासन का कहना है कि किसी भी व्यक्ति को असुविधा न हो, इसके लिए भोजन की गुणवत्ता और उपलब्धता पर लगातार निगरानी की जा रही है।
रैन बसेरों में सुरक्षा की दृष्टि से आने-जाने वालों के आधार कार्ड की अनिवार्य रूप से जांच की जाती है। इससे पारदर्शिता बनी रहती है और किसी भी संभावित अवांछित गतिविधि पर रोक लगाई जा सकती है।
Raebareli News: संदिग्ध हालत में लगी टायर की दुकान में आग, लाखों रुपये का सामान खाक
अधिशासी अधिकारी स्वर्ण सिंह ने निरीक्षण के दौरान बताया कि शासन और जिलाधिकारी के आदेशानुसार रैन बसेरों में सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। जो लोग बेघर हैं या ठंड से बचने का कोई प्रबंध नहीं कर सकते, वे इन रैन बसेरों में निःशुल्क ठहर सकते हैं। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देश दिया कि रैन बसेरों में साफ-सफाई, गर्म कपड़ों और भोजन की व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही न हो।
कड़ाके की ठंड में नगर पालिका का यह प्रयास जरूरतमंद लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो रहा है। प्रशासन ने अपील की है कि कोई भी व्यक्ति रात में खुले में किसी जरूरतमंद को देखे तो उसे रैन बसेरे तक पहुंचाने में मदद करनी चाहिए।
Location : Raebareli
Published : 10 December 2025, 1:28 PM IST
Topics : crime news raebareli news Raebareli police UP News