Pratapgarh: रास्ते के विवाद से परेशान ग्रामीण चढ़ा मोबाइल टावर पर, घंटों चला हाई-वोल्टेज ड्रामा

प्रतापगढ़ के कुंडा में रास्ते की समस्या से परेशान 46 वर्षीय ग्रामीण मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासन ने रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित नीचे उतारा। एसडीएम ने घर पहुंचकर समस्या सुनी और जल्द समाधान का आश्वासन दिया।

Post Published By: Ramdev Gupta
Updated : 5 October 2026, 1:49 PM IST
google-preferred

Pratapgarh: उत्तरप्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा कोतवाली क्षेत्र में रास्ते की समस्या को लेकर परेशान एक ग्रामीण के मोबाइल टावर पर चढ़ जाने से हड़कंप मच गया। ग्रामीण को टावर पर चढ़ा देखकर मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और काफी समझाने-बुझाने के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा गया।

सुनवाई न होने से परेशान होकर टावर पर चढ़ा ग्रामीण

जानकारी के अनुसार, कुंडा क्षेत्र निवासी सुरेश सरोज (46) लंबे समय से रास्ते से जुड़ी समस्या को लेकर परेशान था। समस्या के समाधान के लिए लगातार प्रयास के बावजूद जब उसकी सुनवाई नहीं हुई तो वह क्षुब्ध होकर गांव में स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। ग्रामीण को टावर की ऊंचाई पर देखकर लोगों में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।

ये भी पढ़ें: गले में रस्सी डालकर घसीटा, लाठी-डंडों से पीटा; वायरल वीडियो के बाद सामने आया युवक की मौत का खौफनाक मामला

एसडीएम और पुलिस टीम ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही एसडीएम कुंडा अजय यादव और थाना प्रभारी श्रवण कुमार फायर सर्विस की रेस्क्यू टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लाउडस्पीकर के जरिए सुरेश से बातचीत कर उसे नीचे आने के लिए समझाया। काफी देर तक चले प्रयास के बाद रेस्क्यू टीम ने सूझबूझ के साथ उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।

घर पहुंचकर सुनी समस्या, जल्द समाधान का आश्वासन

सुरेश के सुरक्षित नीचे उतरने के बाद एसडीएम अजय यादव और थाना प्रभारी श्रवण कुमार उसके घर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीण की रास्ते से संबंधित समस्या को विस्तार से सुना। मौके पर मौजूद राजस्व कर्मियों को मामले की जांच कर जल्द समाधान निकालने के निर्देश दिए गए। प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीण और उसके परिवार ने राहत की सांस ली। घटना के दौरान गांव में कई घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

ये भी पढ़ें: ‘एक-दो दिन में घर आ जाएंगे’ मां से आखिरी बात के बाद बंद हुआ फोन, फिर नहर में मिले संदीप-कविता के शव

Location :  Pratapgarh

Published :  5 October 2026, 1:49 PM IST

Advertisement