हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (IMG: Pinterest)
Rohtak News: हरियाणा के रोहतक में एक प्रेमी युगल की हत्या से सनसनी फैल गई है। दिल्ली के नेबसराय से दोस्तों से मिलने हसनगढ़ पहुंचे 36 वर्षीय संदीप और 25 वर्षीय कविता की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। दोनों के शव झज्जर जिले के गांव आसौदा के पास नहर से बरामद हुए। मृतक के भाई की शिकायत पर सांपला थाने में हसनगढ़ निवासी नितेश उर्फ मेडिस और नितेश उर्फ बच्चा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि दोनों आरोपियों ने पहले संदीप और कविता की हत्या की और फिर सबूत मिटाने के लिए शव नहर में फेंक दिए।
मृतक संदीप मूल रूप से हसनगढ़ से जुड़ा हुआ था और वहां परचून की दुकान चलाता था। परिवार के मुताबिक, करीब तीन महीने पहले उसने दुकान छोड़ दी थी और यूपी के अलीगढ़ की रहने वाली कविता के साथ दिल्ली के नेबसराय में रहने लगा था। दोनों पिछले करीब आठ महीने से लिव-इन रिलेशनशिप में बताए जा रहे हैं। हालांकि संदीप का हसनगढ़ आना-जाना जारी था। इसी सिलसिले में 26 सितंबर को वह कार से कविता के साथ हसनगढ़ पहुंचा था। परिवार को उस समय इस बात का अंदाजा नहीं था कि यह दोनों की आखिरी यात्रा साबित होगी।
रविवार को संदीप के परिजन हसनगढ़ पहुंचे और उसकी तलाश करने लगे। इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि झज्जर के आसौदा गांव के पास नहर में एक युवक और महिला के शव बरामद हुए हैं। परिजन पुलिस चौकी पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें बरामद शवों की तस्वीरें दिखाईं। राकेश ने तस्वीर देखते ही दोनों की पहचान अपने भाई संदीप और कविता के रूप में कर ली।
रोहतक में सनसनी: कांग्रेस भवन के बाहर वीआईपी नंबर वाली गाड़ी में मिला वकील का शव, मची अफ़रा-तफ़री
संदीप के भाई राकेश सिंह ने सांपला पुलिस को दी शिकायत में हसनगढ़ निवासी नितेश उर्फ मेडिस और नितेश उर्फ बच्चा को आरोपी बनाया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दोनों ने संदीप और कविता की हत्या की। परिवार का आरोप है कि हत्या के बाद दोनों के शव नहर में फेंक दिए गए, ताकि घटना से जुड़े सबूत मिटाए जा सकें। इतना ही नहीं, आरोप है कि संदीप की कार भी आरोपी अपने साथ ले गए।
इस हत्याकांड में पैसों का एंगल भी सामने आया है। मृतक के भाई राकेश के मुताबिक, संदीप के पास जसौर खेड़ी गांव में जमीन थी, जिसे उसने बेच दिया था। जमीन बेचने से मिले 30 लाख रुपये से ज्यादा की रकम उसके बैंक खाते में थी। राकेश के मुताबिक, संदीप अपनी बैंक पासबुक और डेबिट कार्ड खुद अपने पास रखता था। हसनगढ़ में भी उसका आर्थिक लेनदेन था। ऐसे में परिवार को शक है कि पैसों के लिए भी उसकी और कविता की हत्या की गई हो सकती है।
कुल्हाड़ी-रॉड से हमला और फिर मौत! 2014 की ‘रोहतक सिस्टर्स’ के परिवार पर हमले से मचा हड़कंप
परिवार के मुताबिक, संदीप पहले से शादीशुदा था और उसके दो बच्चे हैं। वर्ष 2012 में उसकी पत्नी की मौत हो गई थी। इसके बाद ससुराल पक्ष की ओर से उसके खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया गया था। परिवार के अनुसार, 2024 में संदीप इस मामले में बरी हो गया था। इसके बाद करीब आठ महीने पहले उसकी मुलाकात यूपी निवासी कविता से हुई। दोनों के बीच नजदीकी बढ़ी और वे लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे।
मृतक के भाई ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि संदीप और कविता की ईंट से हत्या की गई। हालांकि इस दावे की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। नहर से शव मिलने के बाद पुलिस ने उन्हें कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह और चोटों की प्रकृति को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।
Location : Rohtak
Published : 5 October 2026, 12:41 PM IST