कुल्हाड़ी-रॉड से हमला और फिर मौत! 2014 की ‘रोहतक सिस्टर्स’ के परिवार पर हमले से मचा हड़कंप

2014 में बस के अंदर मनचलों से भिड़कर ‘रोहतक सिस्टर्स’ के नाम से मशहूर हुईं पूजा और आरती के परिवार पर अब बड़ा संकट टूट पड़ा है। सोनीपत में कथित मारपीट के दौरान गंभीर रूप से घायल उनके पिता राजेश की गुरुग्राम के अस्पताल में मौत हो गई।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 9 September 2026, 4:14 PM IST
google-preferred

Sonipat: वर्ष 2014 में हरियाणा रोडवेज की बस में मनचलों से भिड़कर देशभर में चर्चा में आईं ‘रोहतक सिस्टर्स’ एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह बेहद दर्दनाक है। दोनों बहनों के पिता राजेश की मारपीट में लगी गंभीर चोटों के बाद गुरुग्राम के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

मामला सोनीपत के खरखौदा थाना क्षेत्र के थाना खुर्द गांव का बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, परिवार की ओर से पहले ही मारपीट की शिकायत दी गई थी। इस शिकायत के आधार पर छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। अब घायल राजेश की मौत के बाद पुलिस के सामने मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।

स्टेडियम में कहासुनी से शुरू हुआ विवाद

शिकायत के मुताबिक, सोनिया का बेटा अजय और उसके जेठ का बेटा नीरज रेस्ट हाउस स्थित खेल स्टेडियम में गए थे। वहां उनकी मुलाकात सितेंद्र, शेर सिंह और मनीष से हुई। आरोप है कि किसी बात को लेकर युवकों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद तीनों ने अजय और नीरज के साथ मारपीट की और चाकू से हमला करने की कोशिश भी की। दोनों युवक किसी तरह वहां से निकलकर घर पहुंचे और परिवार को पूरी घटना बताई। इसके बाद सोनिया अपने परिवार के लोगों के साथ आरोपितों के घर शिकायत करने पहुंची।

ये भी पढ़ें- प्रतापगढ़: मायके आई थी बेटी, लेकिन गांव के बाहर जो मिला उसने सबको हिला दिया!

रास्ते में घेरकर हमला करने का आरोप

पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वापस लौटते समय आरोपितों ने परिवार का रास्ता रोक लिया। इस दौरान कुलदीप, संदीप और रूप को भी वहां बुला लिया गया। इसके बाद सभी ने मिलकर परिवार पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमले में कुल्हाड़ी, ईंट-पत्थर, रॉड और डंडों का इस्तेमाल किया गया। इस दौरान राजेश के पैर में गंभीर चोट आई। वहीं सोनिया के पति दिलबाग सिंह के सिर पर भी चोट लगी।

परिवार ने राजेश का इलाज कराया, लेकिन उनकी हालत लगातार गंभीर बनी रही। इसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए गुरुग्राम के अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

छह लोगों पर पहले ही दर्ज था केस

घटना के बाद पुलिस ने सोनिया की शिकायत के आधार पर छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। अब राजेश की मौत के बाद पुलिस जांच में आगे की कार्रवाई अहम हो गई है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं, आरोपों और मेडिकल रिपोर्ट की जांच कर रही है। परिवार पर हुए इस हमले ने 2014 की उस घटना की याद भी ताजा कर दी, जिसने पूजा और आरती को रातोंरात देशभर में पहचान दिलाई थी।

ये भी पढ़ें- कभी कसा था ‘हलवाई का ततैया’ तंज, अब दिल्ली में बंद कमरे की मीटिंग! जयंत-टिकैत के मिलन से गरमाई यूपी की सियासत

बस में तीन युवकों से भिड़ी थीं दोनों बहनें

नवंबर 2014 में पूजा और आरती हरियाणा रोडवेज की बस से रोहतक से सोनीपत जा रही थीं। इसी दौरान तीन युवकों से उनका विवाद हुआ था। दोनों बहनों द्वारा युवकों का सामना करने का वीडियो वायरल होने के बाद वे ‘रोहतक सिस्टर्स’ और ‘बहादुर बहनों’ के नाम से चर्चित हो गई थीं।

हालांकि बाद में उस घटना को लेकर अलग-अलग दावे और जांच सामने आईं और मामला विवादों में भी रहा। अब वर्षों बाद उनके परिवार से जुड़ी इस हिंसक घटना में पिता की मौत ने एक बार फिर परिवार को सुर्खियों में ला दिया है। फिलहाल पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजर है।

Location :  Sonipat

Published :  9 September 2026, 4:14 PM IST

Related News

Advertisement