हिंदी
कानपुर में खौफनाक वारदात का VIDEO (IMG: Dynamite News)
Kanpur News: कानपुर के शिवली थाना क्षेत्र के जुरावरपुर गांव में रंजिश को लेकर एक युवक की बेरहमी से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सनसनी फैल गई। वायरल वीडियो में कुछ लोग एक युवक के गले में रस्सी डालकर उसे घसीटते और लाठी से पीटते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि महिला और पुरुषों ने मिलकर युवक पर लाठी-डंडों और लोहे के पाइप से हमला किया। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले शिवली सीएचसी ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जुरावरपुर गांव निवासी रामसनेही (45) का गांव के ही रामस्वरूप से किसी पुरानी रंजिश को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, रविवार रात करीब 11:30 बजे दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि कहासुनी के बाद रामस्वरूप पक्ष के लोगों ने रामसनेही को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मृतक की बहन रजनी की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में रामस्वरूप, उसकी पत्नी रामकुमारी, बेटे अंकुश और बेटियों तन्नू, रीना व प्रिया को नामजद किया गया है।
घटना के बाद सामने आए कथित वायरल वीडियो ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है। वीडियो में एक युवक के गले में रस्सी बंधी दिखाई दे रही है। कुछ लोग उसे रस्सी के सहारे घसीटते हुए नजर आ रहे हैं, जबकि उसके साथ मारपीट भी की जा रही है। वीडियो में दिखाई दे रहे घटनाक्रम को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वीडियो कब और किस स्थान पर बनाया गया, इसमें दिखाई दे रहे लोग कौन हैं और घटना के दौरान वास्तव में क्या हुआ, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
मारपीट में रामसनेही गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवली पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन घायल रामसनेही को लेकर हैलट अस्पताल पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
रामसनेही की मौत के बाद उसकी बहन रजनी की तहरीर पर शिवली पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। मुकदमे में रामस्वरूप, उसकी पत्नी रामकुमारी, बेटे अंकुश और बेटियों तन्नू, रीना व प्रिया के नाम शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में सामने आए सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। घटना के पीछे पुरानी रंजिश की क्या वजह थी और विवाद की शुरुआत कैसे हुई, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।
Location : Kanpur
Published : 5 October 2026, 1:16 PM IST