हिंदी
बाराबंकी में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी अपराधी रूपेन्द्र उर्फ सूरज सिंह घायल होकर गिरफ्तार कर लिया गया। स्वाट टीम और असन्द्रा थाना पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और अवैध तमंचा भी बरामद हुआ।
इनामी बदमाश मुठभेड़ में घायल (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Barabanki: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी अपराधी घायल हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। स्वाट टीम और असन्द्रा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यह मुठभेड़ हुई। पुलिस के अनुसार, जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया। घायल बदमाश को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिद्धौर भेजा गया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना देर रात की है जब स्वाट टीम और असन्द्रा थाना पुलिस क्षेत्र में वांछित अभियुक्तों की तलाश और अपराध की रोकथाम के लिए गश्त कर रही थी। इसी दौरान कन्धवापुर मोड़ के पास सिद्धौर से रामसनेही घाट हाईवे की तरफ से एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह अचानक बाइक मोड़कर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया तो आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस पर फायरिंग कर दी।
Sonbhadra News: सोनभद्र में भीषण आग से दुकान राख, एक ही पल में उजड़ गया परिवार का सहारा
बताया जा रहा है कि बदमाश की ओर से की गई फायरिंग में स्वाट टीम प्रभारी बाल-बाल बच गए। गोली उनके कान के पास से निकल गई, जिससे पुलिस टीम में हड़कंप मच गया। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह बाइक समेत गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे घेरकर गिरफ्तार कर लिया।
बाराबंकी में पुलिस मुठभेड़: स्वाट टीम पर फायरिंग करने वाला 50 हजार का इनामी बदमाश गोली लगने के बाद गिरफ्तार#Barabanki #PoliceEncounter #CrimeNews @Uppolice pic.twitter.com/i52AC9UVz2
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) March 14, 2026
पुलिस ने घायल बदमाश को तत्काल कब्जे में लेकर प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिद्धौर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज कराया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रूपेन्द्र उर्फ सूरज सिंह पुत्र पुत्तन सिंह के रूप में हुई है। वह लखनऊ जिले के बक्शी का तालाब थाना क्षेत्र के देवरी रुखारा गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस ने उसके पास से एक अवैध .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद हथियार और अन्य सामान को पुलिस ने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रूपेन्द्र उर्फ सूरज सिंह काफी समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए अयोध्या परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक द्वारा 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस कई दिनों से उसकी तलाश में लगी हुई थी।
LPG को लेकर बड़ी कार्रवाई: कालाबाजारी करने वालों पर शिकंजा, देशभर में छापेमारी और… पढ़ें पूरी खबर
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ बाराबंकी और लखनऊ जिलों में कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें डकैती, चोरी, अवैध शस्त्र रखने और गैंगस्टर एक्ट जैसे कुल 11 मुकदमे शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से अपराध की दुनिया में सक्रिय था और कई वारदातों में उसकी संलिप्तता सामने आ चुकी है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।