Electricity Crisis: नोएडा में बिजली संकट बरकरार, करोड़ों खर्च के बाद भी रोजाना हो रही घंटों कटौती

नोएडा में बिजली व्यवस्था सुधारने पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिल रही। शहर के कई सेक्टरों में रोजाना 3 से 6 घंटे तक बिजली कटौती हो रही है। निगम ने 125 करोड़ रुपये के नए कार्यों की योजना बनाई है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 3 June 2026, 9:09 AM IST
google-preferred

Noida: नोएडा में बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिल रही है। शहर में रोजाना कई घंटे बिजली कटौती होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। करीब साढ़े चार लाख उपभोक्ताओं वाले नोएडा में मौजूदा बिजली ढांचा मांग के अनुरूप आपूर्ति देने में सक्षम नहीं दिख रहा है।

रोजाना तीन से छह घंटे तक कटौती

शहर के विभिन्न सेक्टरों में प्रतिदिन तीन से छह घंटे तक बिजली कटौती की शिकायतें सामने आ रही हैं। मंगलवार को भी कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी के बीच लगातार कटौती से दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। घरों के साथ-साथ छोटे कारोबारियों और कार्यालयों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उपभोक्ताओं ने जताई नाराजगी

सेक्टर-20 निवासी अग्रिमा सिंह ने बताया कि दोपहर के समय करीब दो घंटे तक बिजली नहीं रही। उनका कहना है कि यह समस्या अब रोजमर्रा का हिस्सा बन गई है। वहीं सेक्टर-76 के निवासी विशाल त्यागी ने बताया कि उनके इलाके में बार-बार बिजली काटी जाती है, जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। लगातार शिकायतों के बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं दिख रहा है।

नोएडा में 200 करोड़ का जमीन घोटाला: भूमाफियाओं का कब्जा, नेताओं-अफसरों पर गंभीर आरोप, सुप्रीम कोर्ट ने बैठाई SIT

ढांचे को मजबूत करने पर होगा बड़ा निवेश

बिजली निगम की ओर से वर्ष 2026-27 में करीब 125 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए जाने की योजना है। इसके तहत नए उपकेंद्रों का निर्माण, पावर ट्रांसफार्मरों की स्थापना और क्षमता वृद्धि जैसे कार्य शामिल हैं। इसके अलावा स्काडा परियोजना के तहत भी करोड़ों रुपये खर्च कर बिजली नेटवर्क को आधुनिक और मजबूत बनाने की तैयारी की जा रही है।

विभाग ने सुधार का दिया भरोसा

अधीक्षण अभियंता (तकनीकी) विवेक कुमार का कहना है कि बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए लगातार काम किया जा रहा है। जिन क्षेत्रों में अधिक समस्याएं सामने आ रही हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराया जा रहा है। विभाग का दावा है कि आगामी परियोजनाओं के पूरा होने के बाद बिजली आपूर्ति में सुधार देखने को मिलेगा।

गोरखपुर में 33 साल से सुलग रही है जमीन की आग, बिना बिजली-सिलेंडर नरक जैसा जीवन जीने को मजबूर पीड़ित का खौफनाक खुलासा!

गर्मी में बढ़ी चुनौती

गर्मी के मौसम में बिजली की मांग तेजी से बढ़ने के कारण निगम के सामने आपूर्ति बनाए रखने की चुनौती बढ़ गई है। ऐसे में उपभोक्ताओं को उम्मीद है कि करोड़ों रुपये की योजनाओं का लाभ जल्द जमीन पर दिखाई देगा और कटौती की समस्या से राहत मिलेगी।

Location :  Noida

Published :  3 June 2026, 9:09 AM IST

Advertisement