Muzaffarnagar News: मुकदमे के विरोध में किसान नेता की चेतावनी, महापंचायत के दिए संकेत; पढ़ें पूरी खबर

मुजफ्फरनगर के तितावी थाना क्षेत्र में किसान नेता ठाकुर पूरन सिंह, उनके दो बेटों सहित सात लोगों पर युवक पर जानलेवा हमला करने का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं किसान नेता ने कार्रवाई को साजिश बताते हुए 14 मार्च को गांव नसीरपुर में महापंचायत बुलाने की घोषणा की है।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 9 March 2026, 1:23 PM IST
google-preferred

Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के तितावी थाना क्षेत्र में किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरन सिंह, उनके दो बेटों नंदू और सागर सहित सात लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया गया है। यह मामला गांव नसीरपुर का बताया जा रहा है, जहां 6 मार्च की शाम को एक युवक पर कथित रूप से लाठी-डंडों से हमला किया गया।

पीड़ित युवक की मां ओमवती ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया कि उनका बेटा दुष्यंत दवाई लेने के लिए डॉक्टर के पास जा रहा था। उसी दौरान रास्ते में ठाकुर पूरन सिंह, उनके बेटे नंदू और सागर तथा अन्य लोगों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में दुष्यंत के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने तीन आरोपियों को भेजा जेल

शिकायत मिलने के बाद तितावी थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सात नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नंदू उर्फ विजय प्रताप, रवि कुमार और अनिकेत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

सीओ फुगाना यतेंद्र नागर ने बताया कि 6 मार्च को मारपीट की सूचना मिलने के बाद घायल युवक का तुरंत मेडिकल कराया गया। वादी की तहरीर के आधार पर सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है और आगे जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर हंगामा करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि पुलिस वीडियो की भी जांच कर रही है।

किसान नेता ने कार्रवाई को बताया साजिश

मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद किसान नेता ठाकुर पूरन सिंह ने अपने गांव नसीरपुर स्थित आवास पर प्रेस वार्ता कर प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि किसानों की आवाज उठाने के कारण उन्हें निशाना बनाया जा रहा है और यह कार्रवाई उनकी आवाज दबाने के लिए की गई है।

Puran Singh

किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरन सिंह

Muzaffarnagar News: हनी ट्रैप गैंग का भंडाफोड़, महिला सहित चार गिरफ्तार; ऐसे बनाते थे अपना शिकार…

उन्होंने कहा कि दो परिवारों के बीच हुए विवाद को प्रशासन ने बढ़ाकर उनके खिलाफ साजिश के तहत मामला दर्ज किया है। पूरन सिंह के अनुसार गांव में पारिवारिक विवाद होना सामान्य बात है, लेकिन इस मामले में बिना पूरी जांच के ही सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया गया।

प्रशासन पर लगाया आरोप

किसान नेता ने यह भी कहा कि उन्हें गिरफ्तारी से कोई डर नहीं है, लेकिन जिस तरह से पुलिस ने उनके परिवार को निशाना बनाया है, वह अपमानजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन किसानों की आवाज दबाने की कोशिश कर रहा है। इसी के विरोध में ठाकुर पूरन सिंह ने 14 मार्च को गांव नसीरपुर में महापंचायत बुलाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि इस पंचायत में प्रदेश भर से किसान और किसान नेता शामिल होंगे और प्रशासन के रवैये पर सवाल उठाए जाएंगे।

गोरखपुर जोन पुलिस का बड़ा एक्शन: 48 घंटे की कड़ी कार्रवाई और सैकड़ों गिरफ्तार, पढ़ें पूरी खबर

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं महापंचायत की घोषणा के बाद इलाके में राजनीतिक और सामाजिक हलचल भी तेज हो गई है।

Location : 
  • Muzaffarnagar

Published : 
  • 9 March 2026, 1:23 PM IST

Advertisement
Advertisement