हिंदी
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक (Image: X)
अमित शाह ने कार्यसमिति के मंच से साफ कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा को तीसरी बार सरकार बनाने का मौका मिला तो यहां समान नागरिक संहिता लागू की जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा को उत्तर प्रदेश से कोई हटा नहीं सकता है। पार्टी एक बार फिर प्रदेश में सरकार बनाने जा रही है और इसे लेकर कोई दुविधा नहीं है।
शाह का यह ऐलान 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले काफी अहम माना जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने तीसरी बार सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में अमित शाह ने 30 अक्टूबर 1990 की घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के इतिहास में 30 अक्टूबर का बड़ा योगदान है। इसी दिन अयोध्या में रामभक्तों पर गोलियां चलाई गई थीं। शाह ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा, "मैं पूछना चाहता हूं कि आप किस मुंह से सरकार बनाने की बात करते हैं।
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने सरकार की चिंता किए बिना विवादित ढांचे को ध्वस्त कराया था। शाह ने भाजपा की राजनीतिक स्थिति को मजबूत बताते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार अंगद का पैर है, उसे कोई नहीं हटा सकता।
अमित शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव में हारने के बाद विपक्ष अंपायर पर आरोप लगा रहा है और वोट चोरी की बात कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा संसद में इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है।
शाह ने विपक्ष को चुनौती देते हुए कहा कि एक बार संसद में आइए और विशेष सत्र बुलाइए। हम हर बात का जवाब देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष को आरोप लगाने के बजाय संसद में आकर चर्चा करनी चाहिए।
बैठक के स्वागत भाषण में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि कार्यसमिति की यह बैठक केवल औपचारिक आयोजन नहीं है। इसका उद्देश्य संगठन की ताकत का मूल्यांकन करना, सरकार और संगठन की उपलब्धियों की समीक्षा करना और भविष्य की राजनीतिक दिशा तय करना है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता और कार्यकर्ता नई ऊर्जा और नए संकल्प के साथ 2027 में तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनाने के लिए एकजुट हुए हैं। लोकसभा चुनाव 2024 के बाद 14 जुलाई को इसी सभागार में कार्यकर्ता एकत्र हुए थे। संगठन की नई संरचना के बाद यह पहली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक है।
पंकज चौधरी ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले हो रही यह बैठक भाजपा की विजय का नया अध्याय लिखने का अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 के महासंग्राम में प्रचंड बहुमत के साथ जीत हासिल करने के संकल्प के साथ जुटने का आह्वान किया।
Location : Lucknow
Published : 30 October 2026, 1:55 PM IST