हिंदी
मुजफ्फरनगर के नई मंडी क्षेत्र में लापता युवक जीवन की हत्या कर शव को कंबल में लपेटकर नाले में फेंक दिया गया। युवक महिला मित्र से मिलने आया था। पुलिस ने उसके दोस्त को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है, जबकि महिला फरार है।
मुजफ्फरनगर में लापता युवक की हत्या
Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के सरवट फाटक स्थित नाले से एक युवक का शव बरामद किया गया। शव कंबल में लपेटकर कपड़े की गठड़ी के रूप में नाले में फेंका गया था, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या कर शव को ठिकाने लगाए जाने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना 112 नंबर के माध्यम से पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही नई मंडी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और नाले से शव को बाहर निकलवाया। शव की हालत देख कर साफ था कि युवक की निर्मम हत्या के बाद सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को नाले में डाला गया।
पुलिस द्वारा शव की शिनाख्त कराई गई, जिसमें मृतक का नाम जीवन पुत्र बलवीर निवासी ग्राम हरिनगर, थाना पुरकाजी बताया गया। शव मिलने की सूचना के बाद परिजनों को बुलाया गया, जिन्होंने कपड़ों और अन्य पहचान के आधार पर जीवन की पुष्टि की।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि जीवन शनिवार दोपहर अपने एक दोस्त के साथ गांव से शहर आया था। वह सरवट रोड स्थित अपनी ही बिरादरी की एक महिला मित्र से मिलने गया था, लेकिन इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। देर शाम तक संपर्क न होने पर परिजनों ने पुरकाजी थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
मुजफ्फरनगर मर्डर: दोस्त के साथ मिलने गया था जीवन, सुबह नाले में मिली कंबल में बंधी लाश
रविवार सुबह दिन निकलते ही जीवन का शव नाले से बरामद हुआ। शव कंबल में लिपटा हुआ था, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि हत्या किसी सुनियोजित तरीके से की गई है और शव को छिपाने का प्रयास किया गया।
इलाके में फैली सनसनी
घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने मृतक के साथ आए दोस्त को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है, ताकि हत्या की वजह और घटना की पूरी कड़ी सामने आ सके।
बताया जा रहा है कि जिस महिला से मिलने के लिए जीवन आया था, वह भी घटना के बाद से फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है और संभावित ठिकानों पर छानबीन की जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने हत्या के खुलासे के लिए चार अलग-अलग टीमों का गठन किया है। टीमें तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल के आधार पर जांच में जुटी हैं।
मुजफ्फरनगर में गायब बेटी की तलाश के लिए दर-दर भटक रहा परिवार, पुलिस से नहीं मिल रही मदद
सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों से तहरीर प्राप्त कर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।