हिंदी
मुजफ्फरनगर पुलिस ने “ऑपरेशन सवेरा” के तहत नशा तस्कर की 80 करोड़ से अधिक की अवैध संपत्ति जब्त की। एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई इस कार्रवाई में 34 संपत्तियां कुर्क की गईं, जिससे अपराधियों में हड़कंप मच गया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए “ऑपरेशन सवेरा” के तहत अंतरजनपदीय तस्कर बाबू उर्फ रियाज उर्फ असफाक की 80 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति जब्त कर ली है। इस कार्रवाई के बाद अपराध जगत में हड़कंप मच गया है।
यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F के तहत की गई है, जिसे उत्तर प्रदेश में अब तक की सबसे बड़ी संपत्ति जब्ती कार्रवाइयों में गिना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि यह कदम नशा तस्करों के खिलाफ सख्त संदेश देने के लिए उठाया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी की संपत्तियों की गहन जांच की। जांच में सामने आया कि आरोपी ने मादक पदार्थों की तस्करी के जरिए भारी संपत्ति अर्जित की थी।
पुलिस जांच में यह भी पता चला कि आरोपी ने अपनी अवैध कमाई को छिपाने के लिए संपत्तियां अपने परिजनों और रिश्तेदारों के नाम पर खरीदी थीं। पुलिस ने इन सभी संपत्तियों का विस्तृत ब्योरा तैयार कर सक्षम प्राधिकारी को भेजा, जिसके बाद 24 मार्च 2026 को 34 संपत्तियों के जब्ती आदेश जारी किए गए।
जब्त की गई संपत्तियों में बरेली और शाहजहांपुर जिलों में स्थित कृषि भूमि, प्लॉट, आलीशान मकान, बहुमंजिला कॉम्प्लेक्स, ईंट भट्टे और वाहन शामिल हैं। इन संपत्तियों की कुल कीमत 80 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
करोड़ों की संपत्ति कुर्क (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Crime News: मुजफ्फरनगर में बड़ा खुलासा, इंटरनेशनल कॉल को लोकल बनाकर करोड़ों का खेल… पढे़ं पूरी खबर
26 और 27 मार्च को थाना बुढ़ाना पुलिस ने संबंधित जिलों में पहुंचकर पहले अवैध संपत्तियों की मुनादी कराई। इसके बाद सभी संपत्तियों को विधिवत कब्जे में लिया गया। इस प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता और कानूनी नियमों के तहत पूरा किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी है, जिसके खिलाफ दिल्ली, बरेली और शाहजहांपुर में एनडीपीएस एक्ट समेत कई गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त था।
मुजफ्फरनगर में ध्वनि प्रदूषण पर सख्ती: 30 से ज्यादा लाउडस्पीकर हटे, पुलिस सख्त…
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया है कि अपराध से अर्जित संपत्ति सुरक्षित नहीं है। भविष्य में भी नशा तस्करों के खिलाफ इसी तरह कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।