नोएडा के चर्चित मुनेंद्र सिंह मामले में नया मोड़, पुलिस कमिश्नर से मिले सपा नेता

नोएडा के चर्चित मुनेंद्र सिंह मामले में समाजवादी पार्टी की एंट्री से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। अखिलेश यादव के निर्देश पर सपा प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस कमिश्नर से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच की मांग की। डीसीपी क्राइम को सौंपी गई जांच अब कई सवाल खड़े कर रही है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 18 June 2026, 8:54 AM IST
google-preferred

Noida: मुनेंद्र सिंह मामले को लेकर समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल गौतमबुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच की मांग करते हुए आरोप लगाया कि इंजीनियर युवराज मेहता को बचाने का प्रयास करने वाले मुनेंद्र सिंह को घटना के बाद लगातार परेशान किया जा रहा है। पुलिस कमिश्नर ने मामले की जांच डीसीपी क्राइम को सौंपने और निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिया।

डीसीपी क्राइम को सौंपी गई जांच

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर गठित एक प्रतिनिधिमंडल ने गौतमबुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह से मुलाकात कर मामले में निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच की मांग उठाई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि जिस व्यक्ति ने मानवता का परिचय देते हुए एक युवक की जान बचाने की कोशिश की हो, उसे परेशान किया जाना गंभीर चिंता का विषय है और पूरे मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए।

Kannauj News: सपा प्रमुख Akhilesh Yadav का BJP पर बड़ा हमला, मणिपुर हिंसा से लेकर क्रिकेट स्टेडियम तक किए कई ऐलान

युवराज मेहता को बचाने की कोशिश का दिया हवाला

प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस कमिश्नर को बताया कि कुछ माह पहले इंजीनियर युवराज मेहता के एक गहरे गड्ढे में डूबने की घटना के दौरान मुनेंद्र सिंह ने अपनी जान जोखिम में डालकर उन्हें बचाने का हरसंभव प्रयास किया था। इसके बावजूद मुनेंद्र सिंह का आरोप है कि घटना के बाद से उन्हें लगातार पुलिस कार्रवाई और पूछताछ के जरिए प्रताड़ित किया जा रहा है। इससे न केवल वह बल्कि उनका पूरा परिवार मानसिक और सामाजिक रूप से प्रभावित हुआ है।

अखिलेश यादव से मिलकर बताई थी पीड़ा

सपा नेताओं ने बताया कि हाल ही में मुनेंद्र सिंह ने लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात कर अपनी व्यथा और पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पार्टी नेतृत्व ने तत्काल एक प्रतिनिधिमंडल गठित किया और गौतम बुद्ध नगर पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की।

पुलिस कमिश्नर ने दिया निष्पक्ष जांच का भरोसा

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जिम्मेदारी डीसीपी क्राइम को सौंप दी गई है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जाएगी। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

Akhilesh Yadav Rally: 15 लाख, नौकरी और एनकाउंटर… अखिलेश ने दादरी से खोली सियासी ‘फाइल’!

पुलिस आयुक्त से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी, सांसद हरेंद्र मलिक, विधायक एवं पूर्व मंत्री शाहिद मंजूर, पूर्व विधायक योगेश वर्मा, महानगर अध्यक्ष डॉ. आश्रय गुप्ता, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी राहुल अवाना, पूर्व जिला अध्यक्ष पुष्कर चन्द्र नागर, बागपत जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी और विधानसभा अध्यक्ष रोहित मत्ते शामिल रहे। इसके अलावा मनोज गोयल, रामबीर यादव, एडवोकेट गौरव यादव, देवपाल यादव, अक्षय चौधरी, सोनू त्यागी, दानिश सैफी, अमित भाटी, नईम अहमद, मोहित नागर, सागर शर्मा और जगबीर नंबरदार समेत बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Location :  Noida

Published :  18 June 2026, 8:54 AM IST

Related News

Advertisement