Akhilesh Yadav Rally: 15 लाख, नौकरी और एनकाउंटर… अखिलेश ने दादरी से खोली सियासी ‘फाइल’!

दादरी में आयोजित रैली में अखिलेश यादव ने महिलाओं के लिए 40 हजार रुपये देने का बड़ा ऐलान किया और बीजेपी पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने अग्निवीर योजना खत्म करने, रोजगार देने और कानून व्यवस्था सुधारने का वादा करते हुए चुनावी माहौल को गरमा दिया।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 29 March 2026, 4:32 PM IST
google-preferred

Greater Noida: रविवार (29 मार्च) को दादरी में आयोजित रैली में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश की महिलाओं को साधने के लिए बड़ा दांव चला। उन्होंने घोषणा की कि अगर उनकी सरकार बनती है, तो “स्त्री समृद्ध सम्मान योजना” के तहत महिलाओं को 40 हजार रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी। उनका कहना था कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में अहम कदम होगी।

बीजेपी पर तीखा हमला

रैली के दौरान अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी पहले बेईमानी से चुनाव जीतती थी और अब “420” के तरीकों से सत्ता में बनी हुई है। उन्होंने फेक एनकाउंटर का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कई अधिकारी भी अंदर ही अंदर परेशान हैं, क्योंकि उन्हें पता है कि अदालत में सजा अकेले भुगतनी पड़ती है।

NRC और SIR पर उठाए सवाल

सपा प्रमुख ने हाल ही में हुए SIR को NRC से जोड़ते हुए कहा कि यह लोगों को परेशान करने की साजिश है। उन्होंने बीजेपी को “ड्राइक्लीन की दुकान” बताते हुए कहा कि भ्रष्टाचार करने वाले लोग वहां जाकर साफ हो जाते हैं और पार्टी में शामिल कर लिए जाते हैं।

15 लाख और रोजगार के वादे पर घेरा

अखिलेश यादव ने बीजेपी के पुराने वादों को याद दिलाते हुए कहा कि 15 लाख रुपये देने, हर साल करोड़ों नौकरियां देने और किसानों की आय दोगुनी करने जैसे वादे सिर्फ झूठ साबित हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नौकरी देना कभी सरकार के एजेंडे में था ही नहीं, इसलिए पेपर लीक जैसी घटनाएं होती हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सपा की सरकार आने पर इन सबकी सच्चाई सामने लाई जाएगी।

रैली की टक्कर से गरमाई सियासत… अखिलेश बोले- कल भीड़ नहीं, लोगों को लाया गया था! जानें और क्या कहा…

अग्निवीर योजना खत्म करने का वादा

अग्निवीर योजना को लेकर भी अखिलेश यादव ने साफ कहा कि उनकी पार्टी इस योजना को कभी स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि युद्ध केवल तकनीक से नहीं, बल्कि सैनिकों के साहस से जीते जाते हैं। उन्होंने वादा किया कि सत्ता में आने पर अग्निवीर व्यवस्था को खत्म कर दिया जाएगा।

एक्सप्रेसवे और विकास पर भी सियासत

अखिलेश यादव ने बीजेपी पर विकास कार्यों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी सरकार के दौरान बनाई गई सड़कों और सुविधाओं को सही तरीके से आगे नहीं बढ़ाया गया। उन्होंने “ATM एक्सप्रेसवे” कहकर तंज कसते हुए कहा कि यह जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ाएगा।

कानून व्यवस्था और योजनाओं का मुद्दा

उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने बेहतर पुलिस रिस्पॉन्स सिस्टम दिया था, बच्चों के लिए योजनाएं चलाई थीं, लेकिन वर्तमान सरकार ने उन्हें बंद कर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि सत्ता में आने पर 1090 से भी बेहतर योजना लाई जाएगी।

Akhilesh Yadav Rally: दादरी में अखिलेश यादव की एंट्री, नारों से गूंज उठा पंडाल

पीएम मोदी के हमलों पर पलटवार

प्रधानमंत्री के हमलों का जवाब देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने नोएडा में सबसे ज्यादा विकास किया। उन्होंने दावा किया कि इस बार उम्मीद से ज्यादा सीटें सपा और इंडिया गठबंधन को मिलेंगी।

माफिया और केस वापसी पर बयान

माफियाओं के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने बीजेपी पर आरोप लगाया कि सरकार बनने के बाद अपने लोगों के केस वापस लिए गए। उन्होंने कहा कि अगर उनकी सरकार आई, तो झूठे मुकदमों को खत्म किया जाएगा और किसी के साथ भेदभाव नहीं होगा।

Location : 
  • Greater Noida

Published : 
  • 29 March 2026, 4:32 PM IST

Advertisement