नोएडा में 2 हजार से ज्यादा फार्म हाउस पानी में डूबे, अब तक 3 हजार से अधिक लोग हुए बेघर, आगे क्या होगा?

नोएडा में यमुना नदी के जल स्तर में बढ़ोतरी के कारण 2,000 से ज्यादा फार्म हाउस, खेत और नर्सरी पानी में समा गए हैं। प्रशासन ने 3,000 लोगों को राहत शिविरों में पनाह दी और आगे की राहत कार्य जारी हैं। आगामी दो से तीन दिनों में जल स्तर में कमी की उम्मीद है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 6 September 2025, 10:16 AM IST
google-preferred

Noida: नोएडा में यमुना नदी के जल स्तर में तेजी से बढ़ोतरी शुरू हुई। इसके कारण पुश्ता और उसके आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। करीब 2,000 से अधिक फार्म हाउस, नर्सरी, स्टेडियम और खेत जलमग्न हो चुके हैं। जिससे यहां रहने वाले लोग बुरी तरह प्रभावित हो गए हैं।

अब तक 3 हजार से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू किया

प्रशासन की ओर से लगातार राहत कार्य चलाए जा रहे हैं। अब तक लगभग 3,000 लोगों को राहत शिविरों में पनाह दी जा चुकी है। प्रशासन ने राहत शिविरों में अस्थायी व्यवस्थाएं की हैं, लेकिन संख्या और बढ़ने की संभावना है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है। इस बीच बाढ़ प्रभावित इलाकों में सामाजिक संगठनों ने भी बढ़-चढ़कर मदद की है और खाने-पीने का इंतजाम किया है। बाढ़ में फंसे लोगों को जीवन रक्षक सामान भी मुहैया कराए जा रहे हैं।

देशभर में बाढ़ और बारिश से भारी तबाही: राहत और बचाव कार्य जारी, जानें अभी तक कितने लोगों ने गवाई अपनी जान

झुग्गी बनाकर रह रहे लोग

जो लोग राहत शिविरों तक नहीं पहुंच पाए हैं, वे पुश्ता और पुश्ता के नीचे रोड पर झुग्गियां बना कर रह रहे हैं। इन लोगों के लिए भी सामाजिक संगठनों ने खाना और पानी उपलब्ध कराया है। प्रशासन का मानना है कि दो से तीन दिन के अंदर यमुना का जल स्तर कम होना शुरू हो जाएगा और इसके बाद लोग अपनी सामान्य जिंदगी की ओर लौटने की कोशिश करेंगे। बाढ़ के कारण खेतों में खड़ी फसलें भी पूरी तरह से नष्ट हो चुकी हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है।

2023 में भी था बाढ़ का मंजर

यह पहली बार नहीं है जब नोएडा में यमुना का जल स्तर बढ़ा है। वर्ष 2023 में भी ऐसा ही बाढ़ का मंजर देखा गया था। तब करीब 1200 लोगों को बाढ़ से बचाने के लिए रेस्क्यू किया गया था। जिला प्रशासन की ओर से हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं, जिससे यदि कोई बाढ़ के कारण फंसा हो तो उसे तत्काल मदद मिल सके। इस आपात स्थिति में प्रशासन और समाज दोनों मिलकर लोगों की मदद करने में जुटे हुए हैं।

Delhi NCR Flood: दिल्ली में बाढ़ का कहर! सड़कें बनी स्वीमिंग पूल, देखें ग्राउंड रिपोर्ट

स्थिति पर प्रशासन का बयान

प्रशासन ने एक बयान में कहा कि बाढ़ की स्थिति पर नज़र रखी जा रही है और लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहे हैं। प्रशासन ने यह भी आश्वासन दिया कि जल स्तर में कमी आने के बाद बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जल्द से जल्द पुनर्निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। हालांकि, फिलहाल सभी प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है। बाढ़ के बाद प्रशासन पुनर्वास योजना तैयार करेगा ताकि लोगों को उनके घरों में वापस भेजा जा सके और किसी भी प्रकार के खतरे से बचाया जा सके।

Location :