हिंदी
स्कूल (Img: Google)
Noida: सेक्टर बीटा-1 स्थित रायन इंटरनेशनल स्कूल से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। कक्षा सात में पढ़ने वाली एक छात्रा के पिता का आरोप है कि उनकी बेटी को स्कूल के बाथरूम में करीब एक घंटे से ज्यादा समय तक बंद रखा गया। यह घटना बृहस्पतिवार को लंच ब्रेक के दौरान हुई, जब छात्रा बाथरूम गई थी और किसी ने बाहर से दरवाजा बंद कर दिया। बच्ची अंदर फंसी रही और मदद के लिए इंतजार करती रही।
परिजनों के मुताबिक लंच खत्म होने के काफी देर बाद जब सफाई कर्मचारी बाथरूम साफ करने पहुंचा, तब इस बात का खुलासा हुआ। दरवाजा खुलने के बाद छात्रा बाहर आई, लेकिन वह बेहद घबराई हुई थी। पिता का कहना है कि इस घटना ने उनकी बेटी को मानसिक रूप से झकझोर दिया है। वह शुक्रवार को स्कूल भी नहीं गई और अब काफी डरी-सहमी है।
मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब छात्रा ने अपनी शिक्षिका से पूरी बात बताई। आरोप है कि उसे ही डांट दिया गया और क्लास से गायब रहने का हवाला देकर माफीनामा लिखवाया गया। पिता का कहना है कि यह रवैया बेहद आपत्तिजनक है और इससे बच्ची का मनोबल टूट गया है। उन्होंने स्कूल प्रबंधन से संपर्क किया, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
पीड़िता के पिता ने मामले की शिकायत जिलाधिकारी मेधा रूपम और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार से की है। उन्होंने स्कूल की सीसीटीवी फुटेज निकलवाने और निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं स्कूल की प्रधानाचार्य का कहना है कि आरोप गलत हैं और अभिभावकों को बातचीत के लिए बुलाया गया है।
Location : Noida
Published : 20 February 2026, 3:26 PM IST