नोएडा में दर्दनाक हादसा: प्रसाद चढ़ाने गया 3 साल का मासूम गड्ढे में गिरा, बाहर निकली लाश

नोएडा के दलेलगढ़ गांव में डालेश्वर बाबा की समाधि पर प्रसाद चढ़ाने आए तीन वर्षीय देवांश की पानी भरे गड्ढे में गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गड्ढे की शिकायत कई बार की गई थी, लेकिन प्रशासन ने तारबंदी नहीं कराई।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 15 February 2026, 7:03 PM IST
google-preferred

Noida: नोएडा के दलेलगढ़ गांव में एक दर्दनाक हादसे ने खुशियों भरे माहौल को मातम में बदल दिया। अपने मामा के यहां आया 3 साल का देवांश परिवार के साथ डालेश्वर बाबा की समाधि पर प्रसाद चढ़ाने पहुंचा था। शनिवार शाम अचानक खेलते-खेलते वह समाधि के पास बने पानी भरे गहरे गड्ढे में गिर गया। जब तक लोगों को पता चलता, तब तक बहुत देर हो चुकी थी और मासूम की मौत हो गई।

तपस्या का अंतिम दिन बना मातम

गांव में देवेंद्र उर्फ कालू की 41 दिन की तपस्या का अंतिम दिन था और उसी मौके पर प्रसाद वितरण हो रहा था। परिवार और ग्रामीण बड़ी संख्या में वहां मौजूद थे। इसी बीच देवांश खेलते हुए गड्ढे के पास पहुंच गया और हादसा हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और परिवार में चीख-पुकार गूंजने लगी।

परिवार में मचा कोहराम

देवांश की मां अंजलि अपने मायके आई हुई थी और पूरा परिवार धार्मिक कार्यक्रम में शामिल था। मासूम की मौत की खबर मिलते ही घर में मातम छा गया। रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने किसी तरह परिवार को संभाला। गांव का माहौल देर रात तक गमगीन रहा।

शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई

ग्रामीणों का आरोप है कि जिस जमीन पर यह गड्ढा है वह पशुचर की जमीन है और काफी समय से वहां पानी भरा रहता है। कई बार प्रशासन से गड्ढे की तारबंदी और भराव की मांग की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते सुरक्षा इंतजाम कर दिए जाते तो यह हादसा टाला जा सकता था।

मौके पर पहुंचे अधिकारी

घटना की सूचना मिलने के बाद सदर तहसीलदार डॉ. अजय, नायब तहसीलदार ज्योत सिंह और लेखपाल मौके पर पहुंचे और जानकारी जुटाई। प्रशासन ने मामले की जांच की बात कही है। वहीं, ग्रामीण सुरक्षा उपायों की मांग कर रहे हैं। जिससे भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।

Location : 
  • Noida

Published : 
  • 15 February 2026, 7:03 PM IST

Advertisement
Advertisement