हिंदी
नोएडा में कार में मिली युवक-युवती की लाश मामले में मृतका के पिता ने दावा किया है कि उनकी बेटी सुमित से शादी नहीं करना चाहती थी और एक साल पहले ही रिश्ता खत्म कर चुकी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रेखा और सुमित
Noida: नोएडा में कार के अंदर युवक-युवती की लाश मिलने के मामले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब इस केस में मृतका रेखा के पिता का बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने दावा किया कि उनकी बेटी करीब एक साल पहले ही सुमित से अलग हो चुकी थी और उससे शादी नहीं करना चाहती थी। इसके बावजूद युवक बार-बार फोन कर उसे परेशान करता था।
15 मिनट में घर आने की बात कहकर निकली थी
मामला नोएडा का है। रेखा 13 फरवरी की शाम ऑफिस से निकली और मां को फोन कर बताया कि वह 15-20 मिनट में घर पहुंच जाएगी और खाना न बनाया जाए। लेकिन वह घर नहीं लौटी। देर रात तक फोन न उठने पर परिवार ने सेक्टर-58 थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। अगले दिन दोपहर सूचना मिली कि रेखा और सुमित की लाश एक कार में मिली है।
पिता का दावा: बेटी नहीं करना चाहती थी शादी
रेखा के पिता देव चंद्र कांत के मुताबिक, दोनों करीब एक साल पहले अलग हो गए थे। रेखा ने साफ कह दिया था कि वह सुमित से शादी नहीं करेगी और उसका नंबर भी ब्लॉक कर दिया था। परिवार उसके लिए दूसरे रिश्ते देख रहा था और जल्द सगाई होने वाली थी।
स्कूल से शुरू हुई थी लव स्टोरी
दोनों की मुलाकात त्रिलोकपुरी के एक पब्लिक स्कूल में पढ़ाई के दौरान हुई थी। दोस्ती प्यार में बदली और दोनों के परिवारों को भी उनके रिश्ते पर शुरुआत में कोई आपत्ति नहीं थी। सुमित क्रिकेट खेलता था और रेखा भी क्रिकेट पसंद करती थी। दोनों के बीच काफी नजदीकियां थीं और वह एक-दूसरे के घर आते-जाते थे।
एक्सीडेंट और जाति बना रिश्ते की दीवार
वर्ष 2019 में सुमित का एक्सीडेंट हुआ, जिसके बाद वह क्रिकेट नहीं खेल सका। इसी दौरान दोनों के रिश्ते की जानकारी परिवारों को हुई। आरोप है कि जाति अलग होने की वजह से रेखा के परिवार ने इस रिश्ते का विरोध किया। सुमित वाल्मीकि समाज से था, जबकि रेखा कायस्थ परिवार से थी।
दूरी के बाद भी संपर्क की कोशिश
परिवार का कहना है कि सुमित बार-बार रेखा से बात करने की कोशिश करता था। यहां तक कि उसने रेखा के भाई और जीजा को फोन कर बात कराने की गुजारिश भी की थी। कुछ चैट में वह माफी मांगते हुए भी दिखाई देता है और लिखकर दिया था कि वह रेखा को परेशान नहीं करेगा।
अब भी अनसुलझे हैं कई सवाल
दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी जांच का विषय है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। फिलहाल यह साफ है कि एक पुराना रिश्ता, पारिवारिक दबाव और लगातार संपर्क की कोशिशों के बीच यह कहानी दर्दनाक अंत तक पहुंच गई।