Muzaffarnagar Crime: बारात से पहले उठा जनाजा; आत्महत्या या हत्या? जानें क्या है पूरा मामला

मुजफ्फरनगर में मॉर्निंग वॉक पर निकले युवक की खून से लथपथ लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की छह दिन बाद शादी होने वाली थी। शव के पास चाकू मिलने से मामला उलझ गया है। पुलिस प्रथम दृष्टया आत्महत्या मान रही है, जबकि परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। सूचना देर से देने पर परिवार ने पुलिस पर सवाल उठाए हैं।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 16 February 2026, 11:15 PM IST
google-preferred

Muzaffarnagar: जिले के नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब पचेण्डा रोड स्थित रजवाहे की पुलिया के पास एक युवक की खून से लथपथ लाश मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक के हाथ की नस कटी हुई थी और पास ही एक चाकू पड़ा मिला। पुलिस ने फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान बच्चन सिंह कॉलोनी निवासी करीब 30 वर्षीय मोनू कुमार के रूप में हुई। वह रोज की तरह सुबह करीब 3:15 बजे पानी की बोतल लेकर दौड़ लगाने निकला था, लेकिन वापस घर नहीं लौटा। सुबह शव मिलने की खबर से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

छह दिन बाद थी शादी

मोनू की छह दिन बाद बारात जानी थी। शादी की तैयारियों में जुटे घर में अचानक मातम छा गया। परिजनों के मुताबिक मोनू प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था और रोज सुबह दौड़ लगाने जाता था। पिता शिवकुमार ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी देर से दी गई और पुलिस ने पहले शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जिससे परिवार में रोष है।

Mainpuri Crime: दो दिन में दो चोरी, तीसरे दिन गिरफ्तारी- किशनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई

परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि मोनू आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकता। परिवार का आरोप है कि उन्हें समय पर सूचना नहीं दी गई और शव भी मर्चरी में ही दिखाया गया। इसको लेकर परिवार और पुलिस के बीच नाराजगी का माहौल बना हुआ है।

आत्महत्या या हत्या? पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी

सीओ नई मंडी राजू कुमार साव के अनुसार सुबह करीब आठ बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि पुलिया के पास एक युवक मृत अवस्था में पड़ा है। मौके पर जांच के दौरान बाएं हाथ की नस कटी मिली और पास में चाकू भी था, जिससे प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि पुलिस ने साफ किया कि अभी सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारण का खुलासा होगा।

UP News: भीमताल में जिलाधिकारी ने विकास कार्य समीक्षा कर दिए ये निर्देश, जानें पूरी खबर

घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। बड़ा सवाल यह है कि यदि आत्महत्या थी तो युवक घर से दूर सुनसान स्थान पर क्यों गया। वहीं परिजनों के आरोपों के चलते मामला और संवेदनशील हो गया है। पुलिस का कहना है कि जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शादी से ठीक पहले हुई इस मौत ने पूरे मोहल्ले को झकझोर दिया है और अब सबकी नजरें जांच के नतीजों पर टिकी हैं।

Location : 
  • Muzzafarnagar

Published : 
  • 16 February 2026, 11:15 PM IST

Advertisement
Advertisement