मेरठ में विदेशी महिला हत्याकांड में नया मोड़: इन 4 देशों से जुड़ा लिंक, जांच के लिए पुलिस को क्यों जाना होगा 15 साल पहले?

मेरठ के रिठानी स्थित होटल में विदेशी महिला मुहब्बत सुनातोव्ना की हत्या के मामले में नया खुलासा हुआ है। पासपोर्ट सत्यापन में पता चला कि वह 15 साल पहले दुबई और नेपाल के रास्ते भारत आई थी और बिना वीजा रह रही थी। पुलिस को अब इस मामले में मानव तस्करी के बड़े गिरोह की भी आशंका है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 7 March 2026, 2:53 PM IST
google-preferred

Meerut: मेरठ में विदेशी महिला की हत्या का मामला अब सिर्फ एक मर्डर केस नहीं रह गया है, बल्कि इसके पीछे अंतरराष्ट्रीय साजिश और मानव तस्करी की आशंका भी गहराती जा रही है। रिठानी के होटल में हुई बेरहमी से हत्या के बाद महिला का चेहरा और हाथ जलाकर शव मवाना इलाके में फेंक दिया गया था। जिससे पहचान छिपाई जा सके। अब जांच में सामने आया है कि मृतका तुर्कमेनिस्तान की नागरिक थी और करीब 15 साल पहले दुबई और नेपाल के रास्ते भारत पहुंची थी। इस खुलासे के बाद पुलिस को शक है कि मामला मानव तस्करी के बड़े गिरोह से भी जुड़ा हो सकता है।

होटल में हत्या, पहचान छिपाने की कोशिश

मेरठ के रिठानी इलाके में स्थित होटल में हुई विदेशी महिला की हत्या ने पुलिस को चौंका दिया है। मृतका की पहचान तुर्कमेनिस्तान की नागरिक मुहब्बत (40) के रूप में हुई है। हत्या के बाद आरोपियों ने उसका चेहरा और हाथ जला दिए और शव को मवाना क्षेत्र में फेंक दिया ताकि पहचान छिपाई जा सके।

पासपोर्ट सत्यापन में खुला बड़ा राज

पुलिस ने मृतका के पासपोर्ट का सत्यापन कराने के लिए Embassy of Turkmenistan को पत्र भेजा था। दूतावास से मिली जानकारी में पता चला कि मुहब्बत करीब 15 साल पहले दुबई और नेपाल के रास्ते भारत आई थी। जांच में यह भी सामने आया कि वह बिना वैध वीजा के लंबे समय से भारत में रह रही थी। इससे पुलिस को शक है कि उसे किसी गिरोह द्वारा मानव तस्करी के जरिए भारत लाया गया होगा।

कानूनी लड़ाई के लिए दी गई "पावर ऑफ अटॉर्नी"

मुहब्बत की मां गुलनारा ने कानूनी कार्रवाई के लिए उज्बेकिस्तान की नागरिक अजीजा को पावर ऑफ अटॉर्नी दी है। अजीजा इस समय दिल्ली में रह रही हैं और मामले की गहराई से जांच की मांग कर रही हैं। उनके साथ दिल्ली के समाजसेवी हेमंत शर्मा भी इस केस में कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

डीएनए जांच में आ रही मुश्किल

पुलिस शव की आधिकारिक पहचान के लिए डीएनए जांच कराना चाहती है। इसके लिए मुहब्बत की मां गुलनारा के खून के नमूने की जरूरत है। लेकिन गुलनारा ने आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए भारत आने में असमर्थता जताई है। अब पुलिस और दूतावास इस बात पर विचार कर रहे हैं कि उनका सैंपल विदेश से ही मंगाया जाए या उन्हें भारत बुलाने की व्यवस्था की जाए।

ऐसे खुली ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री

दरअसल, 21 फरवरी को मवाना इलाके में एक जली हुई महिला का शव मिला था। पुलिस ने करीब 500 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर मामले की जांच की। जांच के दौरान एक संदिग्ध कार के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। पुलिस के अनुसार 17 फरवरी को रिठानी के अविका होटल में शराब पीने के दौरान पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद होटल संचालक और उसके साथियों ने मिलकर हत्या कर दी।

ईयररिंग्स और कपड़ों से हुई पहचान

शुरुआत में शव की पहचान दिल्ली की अर्चिता अरोड़ा के नाम से मिले आधार कार्ड के आधार पर की जा रही थी। लेकिन बाद में मुहब्बत की परिचित एलीना ने पुलिस को बताया कि आधार कार्ड पर फोटो मुहब्बत का है और उसका असली नाम कुछ और है। इसके बाद वीडियो कॉल के जरिए मुहब्बत की मां गुलनारा ने ईयररिंग्स और कपड़ों के आधार पर शव की पहचान अपनी बेटी के रूप में की।

फोरेंसिक जांच जारी

मामले की जांच में पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम भी जुटी हुई है। हत्या में इस्तेमाल कार और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दूतावास से मिलने वाली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और अगर मानव तस्करी का एंगल सामने आता है तो बड़े गिरोह का भी पर्दाफाश हो सकता है।

Location : 
  • Meerut

Published : 
  • 7 March 2026, 2:53 PM IST

Advertisement
Advertisement