हिंदी
पुलिस गिरफ्त में आरोपी
Mainpuri: मैनपुरी जनपद से बड़ी पुलिस कार्रवाई की खबर सामने आई है, जहां थाना बरनाहल पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे दो वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मैनपुरी के निर्देश पर और क्षेत्राधिकारी करहल के पर्यवेक्षण में की गई।
थाना बरनाहल पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार शनिवार को पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए न्यायालय द्वारा जारी वारंट के क्रम में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में पहला नाम मुकेश कुमार पुत्र शिवराज सिंह, निवासी ग्राम नगला फूलसहाय, थाना बरनाहल जनपद मैनपुरी है। अभियुक्त की उम्र लगभग 40 वर्ष बताई गई है। मुकेश कुमार के खिलाफ थाना करहल में धारा 494/120बी आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज है, जिसमें वह लंबे समय से फरार चल रहा था।
वहीं दूसरा अभियुक्त सुजन सिंह उर्फ गुड्डू पुत्र ग्याली बले, निवासी ग्राम इटाएपुर थाना बरनाहल जनपद मैनपुरी है। अभियुक्त की उम्र करीब 57 वर्ष बताई गई है। सुजन सिंह के खिलाफ धारा 307 आईपीसी के तहत मामला दर्ज है, और वह भी न्यायालय से जारी वारंट के बावजूद फरार चल रहा था।
पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए माननीय न्यायालय में पेश किया है।
इस कार्रवाई को थाना बरनाहल पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अनुरुद्ध प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक प्रेमनाथ सिंह, उपनिरीक्षक कौशलेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक मैनपुरी ने इस सफल कार्रवाई के लिए पुलिस टीम की सराहना की है और स्पष्ट किया है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।
Location : Mainpuri
Published : 3 January 2026, 6:21 PM IST