आधी रात को नोएडा में पुलिस एनकाउंटर, संजू हत्याकांड के आरोपी को लगी गोली, एकतरफा प्यार में खेला था खूनी खेल

आधी रात को नोएडा का हरौला गांव पुलिस की गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल गया। नोएडा के हरौला गांव में हुए संजू हत्याकांड में पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। उसके पैर में गोली लगी है। पुलिस उसे अस्पताल लेकर गई है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 26 May 2026, 5:19 AM IST
google-preferred

Noida Desk: नोएडा के हरौला गांव में हुए संजू हत्याकांड में पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान हरनाम सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बरेली के थाना भूता क्षेत्र के मगरासा गांव का रहने वाला है और फिलहाल नोएडा के हरौला गांव में रह रहा था।

सनसनीखेज वारदात को दिया अंजाम

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी हरनाम सिंह हरौला गांव में किराए पर रहने वाले सुरेंद्र शर्मा की बेटी से एकतरफा प्यार करता था। उसने युवती के सामने शादी का प्रस्ताव रखा था, लेकिन परिवार ने इस रिश्ते से साफ इनकार कर दिया। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने खौफनाक साजिश रची और 23/24 मई 2026 की रात को परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया।

छत पर सो रहे परिवार पर किया था हमला

घटना वाली रात सुरेंद्र शर्मा अपनी पत्नी संजू देवी और दो बेटियों के साथ मकान की छत पर सो रहे थे। तभी आरोपी छत पर पहुंचा और धारदार छूरे से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। अचानक हुए हमले से पूरा परिवार लहूलुहान हो गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान 40 वर्षीय संजू देवी की मौत हो गई। वहीं, सुरेंद्र शर्मा और उनकी दोनों बेटियों का इलाज अभी जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी।

Twisha Sharma Case: दिल्ली से भोपाल पहुंची CBI टीम, मंगलवार से खंगालेगी इस केस का राज

पुलिस मुठभेड़ में दबोचा गया आरोपी

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर थाना फेस-1 पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में लगाई गई थी। आरोपी की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। देर रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सेक्टर-14 स्थित गंदे नाले की पटरी के पास घूम रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर अवैध तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद वह घायल होकर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।

UP STF: ग्रेटर नोएडा में ऑनलाइन ड्रग्स रैकेट का पर्दाफाश, कॉलेज छात्रों को बनाया जा रहा था निशाना

आरोपी के पास से ये हथियार हुए बरामद

पुलिस ने आरोपी हरनाम सिंह के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार छूरा, एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और एक चोरी की स्कूटी बरामद की है। घायल आरोपी को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। नोएडा जोन की अपर पुलिस उपायुक्त मनीषा सिंह ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Location :  Noida

Published :  26 May 2026, 4:54 AM IST

Advertisement