हिंदी
बुजुर्ग महिला से मारपीट, पुलिस कप्तान तक पहुंचा मामला (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Fatehpur: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जनपद में पुलिस की कार्यशैली पर एक बार फिर गंभीर सवालिया निशान लग गए हैं। कानून व्यवस्था बनाए रखने का दावा करने वाली खाकी पर इस बार एक असहाय परिवार के साथ अत्याचार और बर्बरता करने का बेहद गंभीर आरोप लगा है। मामला हथगाम थाना क्षेत्र के ग्राम रजीपुर छिवलहा से सामने आया है, जहाँ करीब 70 वर्ष की बुजुर्ग महिला कैसर (पत्नी उस्मान) ने पुलिस अधीक्षक (SP) के सामने पेश होकर शिकायती पत्र दिया है और अपने तथा अपने परिवार के लिए न्याय व सुरक्षा की गुहार लगाई है।
पीड़िता द्वारा दिए गए शिकायती पत्र के अनुसार, घटना 19 जुलाई 2026 की है। आरोप है कि हथगाम थाना पुलिस और चौकी इंचार्ज उत्कर्ष मिश्रा के साथ करीब 8 से 10 पुलिसकर्मी सादी वर्दी में जबरन उनके घर में दाखिल हो गए। इसके बाद बिना कुछ सुने पुलिसकर्मियों ने घर के भीतर ही तांडव मचाना शुरू कर दिया। 70 वर्षीय वृद्ध महिला कैसर के साथ-साथ उनके पति उस्मान, बेटे सलमान और बहू के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। यही नहीं, परिजनों का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने घर के सामान में जमकर तोड़फोड़ भी की।
आरोप के मुताबिक, घर में तांडव मचाने और परिजनों को पीटने के बाद पुलिस पूरे परिवार को जबरन उठाकर छिवलहा चौकी ले गई। उत्पीड़न का यह सिलसिला यहीं नहीं थमा। महिला का कहना है कि इसके बाद पुलिस टीम उसे लेकर फतेहपुर स्थित उसकी पुत्री के घर पहुँची। वहाँ भी पुलिसकर्मियों ने मर्यादा की सारी सीमाएं लांघते हुए उसकी बेटी और उसके ससुराल वालों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। पुलिस के इस कथित रवैये से पूरा परिवार गहरे सदमे और दहशत में है।
पीड़ित महिला कैसर ने शिकायती पत्र में खाकी के खौफनाक चेहरे का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिसकर्मियों ने उन्हें मुंह बंद रखने की सख्त हिदायत दी थी। आरोप है कि पुलिस वालों ने साफ शब्दों में धमकी दी, "यदि कहीं शिकायत की या शोर मचाया, तो फर्जी एनकाउंटर दिखाकर सीधे जेल भेज देंगे।" इस सीधी धमकी के बाद से पीड़िता और उसका पूरा परिवार अत्यंत भयभीत है और उन्हें अपनी जान-माल का खतरा सता रहा है।
यह भी पढ़ें-यूपी के शिक्षकों के लिए गुड न्यूज़, सरकार करने जा रही है बड़ा काम; लाखों टीचर्स को मिलेगी राहत
खाकी के इस कथित अत्याचार से खौफजदा पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराए जाने की पुरजोर मांग की है। बुजुर्ग महिला ने शिकायती पत्र के माध्यम से मांग की है कि चौकी इंचार्ज उत्कर्ष मिश्रा समेत इसमें शामिल सभी दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही, दबंग पुलिसकर्मियों के खौफ से कांप रहे पीड़ित परिवार ने अपनी और अपने परिजनों की सुरक्षा उपलब्ध कराए जाने की भी गुहार लगाई है।
Location : Fatehpur
Published : 22 July 2026, 11:13 AM IST
Topics : Chowki Incharge Utkarsh Mishra fatehpur news Fatehpur Police Police Brutality Allegation UP Police Allegations