मायावती ने फिर चला बड़ा संगठनात्मक दांव! अशोक सिद्धार्थ समेत कई नेताओं की बदली जिम्मेदारी, जानें किसे मिली नई कमान

बसपा सुप्रीमो मायावती ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए राज्यसभा सांसद अशोक सिद्धार्थ को चार राज्यों के प्रभारी पद से हटा दिया है। उनके करीबी नितिन सिंह को भी पदमुक्त किया गया है। राजाराम, रामजी गौतम और रणधीर सिंह बेनीवाल को अलग-अलग राज्यों की नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 2 August 2026, 8:17 AM IST
google-preferred

Lucknow:  बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने संगठन में बड़ा फेरबदल किया है। शनिवार को राज्यसभा सांसद अशोक सिद्धार्थ को केरल, कर्नाटक, गुजरात और दिल्ली के प्रभारी पद से हटा दिया गया। इसके साथ ही उनके करीबी माने जाने वाले नितिन सिंह को भी जिम्मेदारी से मुक्त किए जाने की सूचना है। संगठन में हुए इस बदलाव को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।

चार राज्यों की जिम्मेदारी से हटाए गए अशोक सिद्धार्थ

पार्टी सूत्रों के मुताबिक अशोक सिद्धार्थ को चार राज्यों के प्रभारी पद से हटाकर उत्तर प्रदेश में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जा सकती है। उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रयागराज, मिर्जापुर और सोनभद्र मंडल की जिम्मेदारी सौंपे जाने की चर्चा है।

बसपा के संगठन में यह बदलाव ऐसे समय हुआ है जब पार्टी आगामी चुनावों को लेकर अपने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कोशिश में जुटी है।

आकाश आनंद के ससुर हैं अशोक सिद्धार्थ

अशोक सिद्धार्थ का बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद से पारिवारिक रिश्ता है। वह आकाश आनंद के ससुर हैं। पिछले वर्ष मायावती ने अशोक सिद्धार्थ को पार्टी से बाहर कर दिया था। हालांकि करीब छह महीने बाद उन्हें आकाश आनंद के साथ पार्टी में वापस ले लिया गया था।

अब एक बार फिर संगठन में उनकी जिम्मेदारी बदले जाने से बसपा के भीतर इसे महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।

राजाराम को मिली तीन राज्यों की जिम्मेदारी

संगठनात्मक फेरबदल के तहत नेशनल कोआर्डिनेटर एवं मध्य प्रदेश के प्रभारी राजाराम को केरल, गुजरात और कर्नाटक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इससे इन राज्यों में पार्टी के संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी अब उनके कंधों पर होगी।

रामजी गौतम को दिल्ली की जिम्मेदारी

इसी तरह नेशनल कोआर्डिनेटर रामजी गौतम को दिल्ली में बसपा संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं उन्हें पंजाब के प्रभारी पद से हटा दिया गया है। पंजाब की जिम्मेदारी अब रणधीर सिंह बेनीवाल को सौंपी गई है।

रणधीर सिंह बेनीवाल हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के प्रभारी बने रहेंगे। इस तरह बसपा ने कई राज्यों में अपने संगठनात्मक ढांचे में बदलाव करते हुए नेताओं की जिम्मेदारियां नए सिरे से तय की हैं।

बलरामपुर में जनता की शिकायतें सुनते ही एक्शन मोड में आए डीएम, दिए कड़े निर्देश

चुनावी तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा फेरबदल

बसपा में हुए इस फेरबदल को आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी अलग-अलग राज्यों में संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर अपनी सक्रियता बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है। अब नई जिम्मेदारियों के साथ बसपा के ये नेता संगठन को किस तरह मजबूत करते हैं, इस पर सभी की नजर रहेगी।

Location :  Lucknow

Published :  2 August 2026, 8:17 AM IST

Advertisement