हिंदी
जनता की समस्याओं पर डीएम का बड़ा एक्शन
Balrampur: आम जनता की समस्याओं का मौके पर ही त्वरित और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को तहसील उतरौला में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की मौजूदगी में सम्पूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान डीएम ने विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियों को पूरी पारदर्शिता और तय समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण समाधान करने की सख्त हिदायत दी।
जनसुनवाई को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस शासन की प्राथमिकताओं में शामिल एक अहम व्यवस्था है, जिसका मुख्य ध्येय आम नागरिकों को राहत दिलाना और उनकी समस्याओं का स्थाई हल निकालना है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी विभागीय अधिकारी संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।
जिन मामलों में मौके पर जाकर जांच की आवश्यकता हो, वहां अधिकारी खुद धरातल पर पहुंचकर निष्पक्ष रिपोर्ट तैयार करें। उन्होंने राजस्व, पुलिस, भूमि विवाद, पेयजल, बिजली और पेंशन जैसी जनहित से जुड़ी शिकायतों के प्राथमिकता पर निस्तारण के आदेश दिए।
इस अवसर पर विभिन्न जनकल्याणकारी एवं स्वरोजगार योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और वित्तीय सहायता के चेक भी वितरित किए गए। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान के तहत प्रकाश पांडे को 3 लाख रुपये तथा राजेश वर्मा को 2.20 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। वहीं युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत कंचन कौशल को 9.50 लाख रुपये तथा सूर्यघर योजना के तहत जतिन गुप्ता को 1.71 लाख रुपये का चेक सौंपा गया
कृषि उत्पादन को बढ़ावा देने और किसानों को आधुनिक खेती के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने कृषक बंधुओं को मिनीकिट का वितरण किया। उन्होंने किसानों का आह्वान किया कि वे वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाएं और सरकारी योजनाओं का भरपूर लाभ उठाएं।
समाधान दिवस के समापन पर प्राप्त सभी प्रार्थना पत्रों की विभागवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि समाधान दिवस की शिकायतों की लगातार मॉनिटरिंग होगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अफसर की जवाबदेही तय की जाएगी। इस दौरान उपजिलाधिकारी उतरौला, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार और खंड विकास अधिकारी सहित जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Location : Balrampur
Published : 2 August 2026, 6:54 AM IST