Balrampur Accident Update: 3 लोगों की मौत और 4 घायल, कार चालक को लेकर सामने आई बड़ी जानकारी

बलरामपुर के चरनगहिया गांव में नवरात्रि के दौरान धार्मिक कार्यक्रम देख रहे ग्रामीणों के टेंट में बेकाबू फोर्ड कार घुस गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हुए। पुलिस ने फरार चालक को करीब एक घंटे में कार समेत हिरासत में ले लिया।

Balrampur: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में नवरात्रि के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोतवाली देहात क्षेत्र के बेल्हा ग्राम पंचायत के चरनगहिया गांव में तेज रफ्तार फोर्ड कार धार्मिक कार्यक्रम देख रहे ग्रामीणों के टेंट में जा घुसी। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद फरार हुए चालक को पुलिस ने करीब एक घंटे के भीतर कार समेत हिरासत में ले लिया।

धार्मिक कार्यक्रम देख रहे ग्रामीणों पर चढ़ी कार

जानकारी के मुताबिक, नवरात्रि के अवसर पर गांव में मंदिर के पास धार्मिक और भक्ति फिल्मों का प्रदर्शन किया जा रहा था। ग्रामीण टेंट के अंदर प्रोजेक्टर के माध्यम से कार्यक्रम देख रहे थे। इसी दौरान देर रात गौरा मार्ग की ओर से आ रही एक फोर्ड कार अचानक अनियंत्रित हो गई।

तेज रफ्तार कार सीधे टेंट में घुस गई और वहां मौजूद लोगों को कुचलते हुए दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई और लोग घायलों की मदद के लिए दौड़ पड़े।

तीन लोगों की मौत, चार गंभीर घायल

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद पाटेश्वरी प्रसाद (42), मनोज सिंह (51) और गणेश पांडेय (45) को मृत घोषित कर दिया।

वहीं, हादसे में छेदीराम (50), घोपराम (31), डब्बू (37) और मुकेश तिवारी (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। बेहतर इलाज के लिए चारों को बहराइच के हायर सेंटर रेफर किया गया है। बताया गया कि मृतक और घायल सभी चरनगहिया गांव के निवासी हैं।

UP Election 2027: BJP विधायकों के टिकट पर चलेगा सर्वे! कट सकता है कई का पत्ता, ये होगा नया फॉर्मूला

एक घंटे में कार समेत पकड़ा गया चालक

मामले पर जानकारी देते हुए सीओ अभिषेक सिंह ने बताया कि अंधेरा होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद चालक कार समेत मौके से फरार हो गया था।

पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर सीमावर्ती रास्तों पर निगरानी बढ़ाई और करीब एक घंटे के भीतर आरोपी चालक को कार समेत हिरासत में ले लिया। शुरुआती जांच में चालक के नशे में होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। नवरात्रि के दौरान हुए इस हादसे से गांव में शोक का माहौल है।

Location :  Balrampur

Published :  18 October 2026, 9:41 AM IST

Related News

Advertisement