देवरिया में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पेट्रोल पंप लूट समेत दो वारदातों का खुलासा, पढ़ें पूरी खबर

उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में पुलिस ने पेट्रोल पंप लूट और मोटरसाइकिल छिनैती की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट का नकद, अवैध पिस्टल, चार तमंचे, कारतूस और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। गिरफ्तार बदमाशों ने पूछताछ में दोनों वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 9 March 2026, 9:23 AM IST
google-preferred

Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में पुलिस ने लूट और डकैती की दो अलग-अलग घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए छह बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से लूट का नकद, एक अवैध पिस्टल, चार अवैध तमंचे, पांच जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पांडेय के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर हरिराम यादव के पर्यवेक्षण में थाना रुद्रपुर पुलिस ने यह सफलता हासिल की। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में गोलू यादव, राजन गुप्ता, राहुल साहनी, शिवम सिंह, रोशन यादव उर्फ छोटू और नितेश यादव शामिल हैं। सभी आरोपी गोरखपुर जिले के बड़हलगंज क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।

मुखबिर की सूचना पर दबोचे गए आरोपी

पुलिस के अनुसार 7 मार्च 2026 की शाम मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध युवक रुद्रपुर-डाला मार्ग पर लखनाघाट मोड़ के पास मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर छहों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से लूट का नकद और अवैध हथियार बरामद किए गए।

Share Market: वैश्विक तनाव से बाजार पर असर, इस स्टॉक में भारी गिरावट के संकेत

गिरफ्तार आरोपी गोलू यादव के पास से 550 रुपये, राजन गुप्ता के पास से 990 रुपये और एक 315 बोर तमंचा व कारतूस, राहुल साहनी के पास से 1450 रुपये और 32 बोर पिस्टल व कारतूस, शिवम सिंह के पास से 440 रुपये व तमंचा, रोशन यादव के पास से 1110 रुपये और तमंचा तथा नितेश यादव के पास से 360 रुपये और तमंचा बरामद हुआ। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल भी बरामद की गई हैं।

पेट्रोल पंप से लूटे थे 8,440 रुपये

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 28 फरवरी 2026 को उन्होंने रुद्रपुर थाना क्षेत्र के डहरौली बुजुर्ग स्थित ओमकार नाथ साहनी पेट्रोल पंप पर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। उस समय कुछ आरोपी मोटरसाइकिल से पेट्रोल भरवाने पहुंचे और मौके पर मौजूद सेल्समैन सचिन साहनी के पास रखे 8,440 रुपये तमंचा दिखाकर छीन लिए और फरार हो गए थे। इस घटना की शिकायत पेट्रोल पंप मैनेजर आकाश निषाद ने थाना रुद्रपुर में दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

अमेरिका-ईरान युद्ध का असर: क्रूड ऑयल की कीमतों में उछाल, वैश्विक बाजार में बढ़ी चिंता

पहले भी कर चुके हैं छिनैती

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि 3 दिसंबर 2025 को करहकोल के पास तिघरा खैरवा बांध पर एक मोटरसाइकिल सवार को रोककर उसकी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन छीन लिया था। इस मामले में थाना एकौना में भी मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कल्याण सिंह सागर, उपनिरीक्षक श्रीनिवास यादव, उपनिरीक्षक अंकित यादव और वीरेंद्र कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Location : 
  • Deoria

Published : 
  • 9 March 2026, 9:23 AM IST

Advertisement
Advertisement