हिंदी
वाहन चोर गिरोह पर बड़ा प्रहार
Gorakhpur: जनपद में संगठित अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत गोरखपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना गुलरिहा क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोर गिरोह के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की गई है। गिरोह बनाकर लगातार वाहन चोरी जैसी गंभीर वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर अपराधियों के विरुद्ध यह कार्रवाई की गई है, जिससे अपराधियों
में हड़कंप मच गया है।
गोरखपुर के निर्देश पर, पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक गुलरिहा विजय प्रताप सिंह द्वारा गैंग लीडर श्यामसुंदर चौहान तथा उसके एक अन्य साथी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कराया गया। पुलिस के अनुसार यह गिरोह लंबे समय से संगठित तरीके से वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था, जिससे आमजन में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ था।
गिरोह का सरगना श्यामसुंदर चौहान अपने साथी विकास चौहान के साथ मिलकर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में वाहन चोरी की कई घटनाओं में संलिप्त रहा है। इन अपराधियों का आपराधिक इतिहास बेहद लंबा और गंभीर है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना गुलरिहा, चिलुआताल और पिपराईच में वर्ष 2025 के दौरान वाहन चोरी सहित बीएनएस की विभिन्न धाराओं में कुल सात-सात मुकदमे दर्ज हैं। लगातार अपराध करने के चलते इनकी गतिविधियां पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थीं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों का क्षेत्र में इतना आतंक था कि लोग इनके खिलाफ खुलकर शिकायत करने से भी डरते थे। इसी को देखते हुए इनके स्वतंत्र विचरण पर रोक लगाने और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला मजिस्ट्रेट गोरखपुर द्वारा अनुमोदित गैंग चार्ट तैयार कराया गया। इसके बाद थाना गुलरिहा में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी शिकंजा कसा गया।
Nainital: मजदूरों को टक्कर मारने वाले पुलिसकर्मी पर गिरी गाज, ये था मामला
पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से न केवल वाहन चोरी की घटनाओं में कमी आएगी, बल्कि अन्य अपराधियों के लिए भी यह एक कड़ा संदेश है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जनपद में संगठित अपराध, चोरी, लूट और गैंग गतिविधियों में लिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। आने वाले दिनों में ऐसे अपराधियों के खिलाफ और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की सक्रियता की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि गोरखपुर में कानून-व्यवस्था और मजबूत होगी
Location : Gorakhpur
Published : 26 December 2025, 9:18 PM IST
Topics : Gorakhpur Crime Gorakhpur News up crime UP News