महराजगंज के वन स्टाफ सेंटर से लड़की फरार, मचा हड़कंप; सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

महराजगंज के वन स्टाफ सेंटर से एक नाबालिग/युवती के अचानक फरार होने से हड़कंप मच गया। लड़की को पुलिस ने बृजमनगंज थाना क्षेत्र से रिकवर करने के बाद वन स्टाफ सेंटर लाया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने सेंटर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 15 August 2026, 9:49 AM IST
google-preferred

Maharajganj: जिले में वन स्टाफ सेंटर से एक लड़की के अचानक फरार होने का मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि लड़की को पुलिस ने बृजमनगंज थाना क्षेत्र से रिकवर किया था। इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया के तहत उसे महराजगंज स्थित वन स्टाफ सेंटर लाया गया था। सेंटर में रहने के दौरान ही वह अचानक वहां से निकल गई।

अधिकारियों को दी गई सूचना

लड़की के फरार होने की जानकारी मिलते ही संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस टीम सक्रिय हुई और लड़की की तलाश शुरू कर दी गई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वह सेंटर से किस रास्ते बाहर निकली और उसके बाद किस दिशा में गई।

पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज

घटना की गंभीरता को देखते हुए वन स्टाफ सेंटर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस फुटेज के जरिए लड़की के सेंटर से बाहर निकलने के समय और उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटाने में लगी है। साथ ही आसपास के संभावित रास्तों और स्थानों पर भी तलाश की जा रही है।

ये भी पढ़ें- Maharajganj: पोखरे में दिखे मगरमच्छ का वन विभाग ने किया रेस्क्यू, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

डीपीओ और सदर सीओ पहुंचे वन स्टाफ सेंटर

मामले की जांच के लिए डीपीओ छमा नंद राय और सदर सीओ अंकुर गौतम भी वन स्टाफ सेंटर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी ली और संबंधित कर्मचारियों से पूछताछ की। सेंटर में लड़की की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।

फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता फरार हुई लड़की को सकुशल बरामद करना है। इसके लिए सीसीटीवी फुटेज के साथ-साथ अन्य माध्यमों से भी उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सेंटर से लड़की के निकलने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी स्तर पर लापरवाही तो नहीं हुई।

ये भी पढ़ें- आखिर कहां थी चार दिन से किशोरी? जंगल में शव मिलने से सीतापुर में सनसनी 

घटना के बाद वन स्टाफ सेंटर की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, लड़की के फरार होने की वास्तविक वजह और घटना के पीछे किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका है या नहीं, इसका खुलासा पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

Location :  Maharajganj

Published :  15 August 2026, 9:21 AM IST

Advertisement