हिंदी
मामूली कहासुनी ने लिया हिंसक रूप
Maharajganj: कोल्हुई थाना क्षेत्र के महेशपुर मेंहदिया गांव में सब्जी के खेत में बकरी घुसकर फसल चर जाने के विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों से जमकर मारपीट हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को करिश्मा राजभर के सब्जी के खेत में पड़ोसी की बकरी घुस गई और फसल को नुकसान पहुंचा दिया। इसे लेकर करिश्मा की सास शिकायत करने और उलाहना देने मुरली मनोहर के घर पहुंचीं। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई।
मारपीट के दौरान महिलाओं ने भी एक-दूसरे के साथ हाथापाई की। वायरल वीडियो में महिलाएं एक-दूसरे के बाल पकड़कर खींचतान करती और मारपीट करती दिखाई दे रही हैं, जबकि आसपास मौजूद लोग बीच-बचाव का प्रयास करते नजर आ रहे हैं।
कोल्हुई थाना प्रभारी निरीक्षक कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है तथा जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Maharajganj
Published : 2 August 2026, 2:17 AM IST
Topics : goat grazing dispute Kolhui Police Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) Maharajganj Crime maheshpur mehandiya village