हिंदी
जंग लगी सरिया पर भड़के डीएम
Maharajganj: महराजगंज जनपद में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। इसी कड़ी में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने नौतनवा तहसील के ग्राम पंचायत सेखुआनी स्थित सुभाषचन्द्र बोस आवासीय विद्यालय, सोनौली-नौतनवा में निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया। यह कार्य यू.पी. स्टेट कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन द्वारा कराया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान डीएम को कई खामियां मिलीं, जिस पर उन्होंने मौके पर ही नाराजगी जाहिर की। खासतौर पर निर्माण में इस्तेमाल हो रही जंग लगी सरिया को लेकर उन्होंने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने निर्देश दिया कि या तो सरिया का समुचित रासायनिक उपचार किया जाए या फिर नई सरिया का उपयोग कर निर्माण कार्य कराया जाए, ताकि भवन की मजबूती से कोई समझौता न हो।
इसके साथ ही निर्माण स्थल पर बने गड्ढों को लेकर भी डीएम ने सख्त निर्देश दिए। उन्होंने तत्काल गड्ढों को भरकर स्थल को समतल करने को कहा, जिससे कार्य में बाधा न आए और सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सके।
परियोजना के तहत बालक एवं बालिकाओं के लिए अलग-अलग दो आवासीय परिसर बनाए जा रहे हैं, जिनमें कुल 21 कमरे तैयार किए जाएंगे। यह आवासीय विद्यालय क्षेत्र के छात्रों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
डीएम ने कार्यदायी संस्था को स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी भी स्तर पर गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस परियोजना की कुल लागत 1030 लाख रुपये है, जिसमें से 515 लाख रुपये जारी किए जा चुके हैं। निर्माण कार्य वर्ष 2024 में शुरू हुआ था और इसे अगस्त 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम नौतनवा नवीन कुमार, डीआईओएस प्रदीप कुमार शर्मा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। डीएम के इस सख्त रुख से यह साफ है कि जिले में विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
Location : Maharajganj
Published : 2 May 2026, 7:43 PM IST
Topics : DM Maharajganj News School Building UP State Construction and Infrastructure Development Corporation warning