अब चुप नहीं बैठेंगे… चढ़ावा चोरी और पेपर लीक पर कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन, महराजगंज में सड़कों पर उतरे हजारों लोग

राहुल गांधी के आह्वान पर महराजगंज में कांग्रेस ने प्रभु श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी, पेपर लीक और अन्य मुद्दों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकालकर डीएम कार्यालय पर सभा की और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

Maharajganj: जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में सोमवार को जिला मुख्यालय पर प्रभु श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट ने किया।

कांग्रेस कार्यालय से निकला यह पैदल मार्च जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा, जहां जनसभा आयोजित कर प्रशासन के माध्यम से सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया गया।

जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर सड़कों पर उतरे

सभा की अध्यक्षता जिला कोषाध्यक्ष कपिल देव शुक्ला ने की, जबकि संचालन जिला उपाध्यक्ष (संगठन) विनोद सिंह ने किया। विजय सिंह एडवोकेट ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आह्वान पर देशभर में कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर सड़क पर उतरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि चढ़ावा चोरी और पेपर लीक जैसे मामलों ने जनता का भरोसा तोड़ा है और कांग्रेस अब इन सवालों पर व्यापक आंदोलन करेगी।

ये भी पढ़ें- ‘अब शिक्षा में क्रांति का समय’, राहुल गांधी ने ऐसा क्यों कहा; सरकार और शिक्षा मंत्री पर क्या लगाए आरोप?

प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता अब जनहित के मुद्दों पर संघर्ष के लिए तैयार हैं। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार और अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सड़क से सदन तक आवाज बुलंद करने का आह्वान

पूर्व प्रदेश महासचिव नारायण मिश्रा, पूर्व एआईसीसी सदस्य शरदेंदु पांडे, पूर्व जिलाध्यक्ष शरद सिंह 'बबलू', झिनकू चौधरी, विपिन पाल और पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सदा मोहन उपाध्याय ने भी सभा को संबोधित किया। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से सड़क से लेकर सदन तक जनता की आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में साधु-संत भी शामिल हुए। उन्होंने भी नारेबाजी करते हुए सरकार की नीतियों की आलोचना की। कांग्रेस नेताओं का दावा है कि हजारों की संख्या में पुरुष एवं महिला कार्यकर्ताओं ने करीब डेढ़ किलोमीटर पैदल मार्च में भाग लिया।

ये भी पढ़ें- काली मंदिर ध्वस्तीकरण हादसे पर गरमाई सियासत: बलदेव यादव के परिजनों ने मिले अजय राय, प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप

कार्यक्रम में ये हुए शामिल

कार्यक्रम में डॉ. रामनारायण चौरसिया, इंजीनियर शिवपूजन, सुरेश साहनी, अमरीश शाही, शंकर वर्मा, चंदन तिवारी, राम नारायण प्रसाद, विनीत सिंह, हरकेश पटेल, हरिलाल, गोवर्धन प्रसाद, हनुमान कनौजिया, रेखा यादव, गोविंद मिश्रा, मोहम्मद गनी, घनश्याम गुप्ता, बख्शीश अली, आफताब अंसारी, नूर अफजल अब्बासी, उमेश साहनी, अकील अहमद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस अवसर पर कांग्रेस नेता गोविंद मिश्रा ने कहा कि "चंदा चोरी, चढ़ावा चोरी, वोट चोरी और पेपर लीक जैसे गंभीर आरोपों ने देश की लोकतांत्रिक और संस्थागत व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जनता जानना चाहती है कि जवाबदेही कब तय होगी और पारदर्शिता कब सुनिश्चित की जाएगी। लोकतंत्र विश्वास से चलता है, अविश्वास से नहीं।"

Location :  Maharajganj

Published :  13 July 2026, 6:29 PM IST

Related News

Advertisement